15 दिन से बंद पड़ी है गोंदरमऊ की लाइट, 5 हजार लोग अंधेरे के कारण हो रहे परेशान - प्रदेश कांग्रेसी नेता नरेश ज्ञानचंदानी का आरोप.. झूठे हैं भाजपा सरकार
भोपाल. वार्ड 01 के अंतर्गत आने वाले गांधीनगर क्षेत्र स्थित गौंदरमऊ इलाके में बीते 15 दिनों से बिजली बंद पड़ी है। 1984 में बने इन क्वाटर्स में बीते ढाई दशक से सरकार द्वारा ही लोगों को बसाया जा रहा है। लेकिन कॉलोनी में एक निजी ठेकेदार द्वारा बिजली के बिल की वसूली की जाती है, जिसे खुद बिजली कंपनी द्वारा ही ठेका दिया गया था।
ठेकेदार ने गौंदरमऊ स्थित बीडीए क्वाटर्स का 13 लाख बकाया राशि जमा नहीं की है, जिसका खामियाजा आम रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। यह जानकारी जब मप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य नरेश ज्ञानचंदानी को लगी तो उन्होंने जनता की परेशानी के लिए भाजपा सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने गौंदरमऊ के रहवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानी।
लोगों ने ज्ञानचंदानी को बताया कि कॉलोनी में लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिलता। लोग यहां कच्ची सड़कों के बीच से आवाजाही करने को मजबूर हैं। पूरे इलाके में बिजली के खुले तार अव्यवस्थित रूप से बिखरे पड़े हैं, जिनके कारण हमेशा हादसा होने का डर बना रहता है। हालही में यहां अंधेरे के कारण 4 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्ञानचंदानी ने गौंदरमऊ की एक-एक गलियों का भ्रमण किया, और लोगों से चर्चा की।
इस बीच जब लोगों ने उन्हें लाइट नहीं होने के कारण हो रही दिक्कतों से अगवत कराया तो उन्होंने तत्काल बिजली कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की। बिजली कंपनी के डीई श्री बब्बर ने ज्ञानचंदानी को फोन पर बताया कि कॉलोनी में ठेकेदार द्वारा बिजली की व्यवस्था की जाती है, उनका बकाया जमा नहीं हुआ है, इसलिए लाइट काटी गई है। इसपर ज्ञानचंदानी ने कहा कि ठेकेदार ने बकाया जमा नहीं किया है तो इसमें रहवासियों की क्या गलती है।
श्री बब्बर ने ज्ञानचंदानी को बताया कि वे लोगों को नए कनेक्शन दे सकते हैं यदि बीडीए वहां बिजली की लाइन बिछा दे। इस संबंध में भोपाल कलेक्टर ने भी बीडीए के अधिकारियों से चर्चा की है। झूठे हैं भाजपा सरकार के दावे भाजपा की शिवराज सरकार पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने के दावे करती है। राजधानी भोपाल के गांधीनगर में ही लोगों को 15 दिनों से बिजली नहीं मिल रही है। इसी से समझा जा सकता है कि सरकार सिर्फ झूठे दावे करती है। जो हकीकत से कौसो दूर रहते हैं।
रहवासियों ने ज्ञानचंदानी को बताया कि चुनाव जीतने के बाद से न तो पार्षद कभी देखने आए हैं और न ही विधायक। गौंदरमऊ में लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है। यहां बने दर्जनों गड्ढों में निगम की लाइन से लोग पानी भरते हैं वह भी पूरी तरह मैला होता है, जिसे पीने से लोगों में बीमारियां हो रही है।
ज्ञानचंदानी ने दिया आश्वासन, धरना प्रदर्शन भी करेंगे गुरूवार सुबह 11 बजे पहुंचे प्रदेश कांग्रेसी नेता नरेश ज्ञानचंदानी के साथ जीवन बंसल, पवन धाकड़, राज सौलंकी, शहनाज़ खान, दीपक महेश्वरी, महबूब खान, राकेश मीना सहित गौंदरमऊ के सैंकड़ों रहवासी मौजूद थे। सभी ने अपनी-अपनी समस्याओं से ज्ञानचंदानी को अवगत कराया। यहां ज्ञानचंदानी ने रहवासियों को आश्वासन दिया कि वे बिजली सहित अन्य समस्याओं का समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर धरना प्रदर्शन भी करेंगे।