राकेश सिंह ने कांग्रेस को खुली चुनौती...
भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनावों को लेकर माहौल पूरी तरह से गरम होने की ओर बढ़ता दिख रहा है। इसी के चलते जहां कांग्रेस के दिग्विजय ने सीएम शिवराज सिंह पर एक और बार डंपर मामला उछाला है।
वहीं कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में शासकीय परिसरों में आरएसएस की शाखाएं लगाने पर प्रतिबंध लगाने और शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को शाखाओं में छूट संबंधी आदेश निरस्त करने की बात तक कह दी है।
जिसके बाद से राजनैतिक गलियारों का तापमान लगातार बढ़ना शुरू हो गया है। कांग्रेस द्वारा अपने वचन पत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाएं लगाने पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात पर भाजपा भी चुप्पी साधे नहीं बैठी है।
इसी के जवाब में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने इस पर रविवार को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे विनाश काले विपरीत बुद्धि कहते हुए कांग्रेस के विनाश की शुरुआत बताया है।
यहां राकेश सिंह ने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर हिम्मत है तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाकर बताए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पता है कि उनकी सरकार बनने वाली नहीं है, इसीलिए वचन पत्र में तमाम ऐसी बातें कही गयी हैं, जो संभव नहीं हैं।
देश की जनता कांग्रेस को उनके झूठे वचनों के लिए सबक सिखायेगी। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि देश को बांटने वाली ताकतों और विघटनकारी तत्वों के साथ खड़े होने से कांग्रेस को कोई परहेज नहीं है। जब जेएनयू में देश विरोधी नारे लगे थे, तब कांग्रेस देश के टुकडे टुकडे करने का नारा लगाने वाली गैंग के साथ खड़ी रही।
ये भी बोले...
वहीं कांग्रेस के वचन पत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसमें आरएसएस को लेकर जो बात कही है, उससे कांग्रेस के मंसूबे साफ दिखायी देते हैं। एक राष्ट्रवादी संगठन को लेकर जिस प्रकार की राजनीति कांग्रेस कर रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उनका कहना था कि पहले भी तीन बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश करती रही है, लेकिन उसे मुंह की खानी पडी। तीनों ही बार कांग्रेस की सरकारों को संघ से प्रतिबंध हटाना पड़ा।
कांग्रेस की नौटंकी...
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और वह कांग्रेस के विरोधाभासी व्यवहार को अच्छे से समझती है। एक तरफ कांग्रेस भगवान राम को काल्पनिक बताती है, वहीं दूसरी तरफ उसके नेता मंदिरों में माथा टेकते रहते हैं, राम पथ वन गमन की बात करते हैं।
एक ओर कांग्रेस हिन्दू वोटों के एकत्रीकरण की बात करती है, तो दूसरी तरफ संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने की बात कहकर शायद मुस्लिम वोटों के एकत्रीकरण के बारे में सोचती है। लेकिन देश के सभी वर्गो के लोग कांग्रेस की असलियत समझ चुके है।
RSS है राष्ट्रवादी संगठन...
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वह संगठन है, जिसके हजारों स्वयंसेवकों ने भारत माता के वैभव के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। वहीं देश के ऐसे हिस्सों में भी स्वयंसेवक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं, जहां कांग्रेस के लोग कभी नहीं पहुंच पाए।