भोपाल

भोपाल से आई दुखद खबर, पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत का 90 वर्ष की उम्र में निधन

Padma Shri Kailash Chandra Pant- मध्यप्रदेश के जाने माने साहित्यकार पद्मश्री कैलाशचंद्र पंत के निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर...। सीएम मोहन यादव समेत कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया...।
2 min read
Jul 31, 2026
Padma Shri Kailash Chandra Pant निधन
Padma Shri Kailash Chandra Pant- कैलाशचंद्र पंत का शुक्रवार को सुबह भोपाल में निधन हो गया।

Padma Shri Kailash Chandra Pant-हिन्दी साहित्यकार पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत का शुक्रवार को सुबह निधन हो गया। कैलाशचंद्र 90 साल के थे और हाल ही में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया था। उनके निधन से मध्यप्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।

शुक्रवार को सुबह कैलाश चंद्र पंत का 90 साल की आयु में निधन हो गया। भोपाल में उन्होंने अपने घर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से भोपाल से लेकर उनके पैतृक उत्तराखंड के बागेश्वर के गांव खंतोली में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वे अपने पीछे 3 विवाहित पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। कुछ वर्ष पहले पंतजी की पत्नी का भी निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार एक अगस्त शनिवार को भोपाल में होगा।

द्रौपदी मुर्मू ने किया था सम्मानित

गणतंत्र दिवस 2026 से एक दिन पहले भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। उनमें कैलाशचंद्र पंत का भी नाम था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 मई 2026 को कैलाशचंद्र पंत को पद्मश्री से सम्मानित किया था। कैलाशचंद्र पंत स्वयं इस सम्मान को लेने के लिए राष्ट्रपति के समक्ष गए थे। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे स्वयं ही राष्ट्रपति भवन तक धीरे-धीरे चलकर पहुंचे। तभी से उनकी हालत कमजोर हो गई थी।

प्रदेश में शोक की लहर

कैलाशचंद्र पंत के निधन पर देशभर के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव (mp cm dr mohan yadav) ने सोशल मीडिया पर लिखे संदेश में कहा है कि मशहूर साहित्यकार, पद्मश्री आदरणीय कैलाशचंद्र पंत जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुःख हुआ। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति में श्री पंत जी लंबे समय तक सक्रिय रहे, उनका योगदान हमेशा यादगार रहेगा। भगवान से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति दें।

हेमंत खंडेलवाल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पंत के निधन पर दुख व्यक्त किया है। खंडेलवाल ने अपने संदेश में कहा है कि मध्य प्रदेश के जाने-माने साहित्यकार, सीनियर पत्रकार और पद्म श्री अवार्डी श्री कैलाश चंद्र पंत जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। हिंदी भाषा, साहित्य और पत्रकारिता को बेहतर बनाने में उनका जीवन भर का योगदान हमेशा याद रहेगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और दुखी परिवार, प्रियजनों और उनके अनगिनत चाहने वालों को यह बहुत बड़ा दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।

विनोद तावड़े

राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने पंत के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा है कि पद्म श्री से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार श्री कैलाशचंद्र पंत के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उनके जाने से हिंदी साहित्य और सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

Updated on:
31 Jul 2026 05:23 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:11 pm