
भोपाल में पति की हत्या की साजिश में पत्नी व प्रेमी को 7 साल की जेल- Demo Pic Patrika.com
Bhopal Court - सुखी जीवन के सपने देखते हुए युवक ने एक युवती से बाकायदा रजामंदी के साथ विवाह किया और साथ रहने लगा। हालांकि कुछ ही दिनों में युवती की हकीकत सामने आ गई। वह अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताना चाहती थी और इसके लिए पति के साथ मारपीट तक करने लगी। बेचारा पति अपना रिश्ता बचाने और बदनामी से बचने के लिए उसकी हरकतें सहते रहा। पत्नी ने पति की हत्या तक कराने की कोशिश की। जब दूसरी बार भरोसा तोड़ा तो पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की पुलिस में शिकायत कर दी। करीब 6 साल पुराने इस मामले में अब पति की हत्या की साजिश करनेवाली पत्नी और उसके प्रेमी को कोर्ट ने सजा सुनाई है। दोनों को दोषी पाया गया है। इंदौर के चर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी जैसे इस मामले में अब युवती और उसके प्रेमी को 7-7 साल जेल में रहना होगा।
राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में पति की हत्या का प्रयास करने का यह मामला काफी चर्चित हुआ था। मामले में अदालत ने पत्नी और उसके प्रेमी को दोषी ठहराते हुए सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
अपर सत्र न्यायाधीश नीलू संजीव शृंगीऋषि की अदालत ने आरोपी वंदना कुर्मी और उसके प्रेमी दुष्यंत वैष्णव बैरागी को दोषी मानते हुए प्रत्येक पर 5-5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। मामले में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रीति श्रीवास्तव ने प्रभावी पैरवी की।
अभियोजन के अनुसार 26 मई, 2020 की रात करीब 2.30 बजे फरियादी पति मुकेश घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी वंदना ने अपने प्रेमी दुष्यंत को घर बुलाया। अभियोजन ने कोर्ट को बताया कि दोनों ने मुकेश को अपशब्द कहे। विरोध करने पर पत्नी वंदना गुस्सा उठी। उसने पति के हाथ पकड़े और दुष्यंत ने लोहे की वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए और जाते समय मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त की शिकायत पर बागसेवनिया थाना ने केस दर्ज कर लिया। बाद में कोर्ट ने दोषी पाते हुए सजा सुनाई।
बता दें कि इसी तरह का एक मामला इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के साथ हुआ था जिसमें पत्नी सोनम रघुवंशी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है। यह केस अभी मेघालय में चल रहा है। आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को तकनीकी गल्तियों के कारण जमानत दे दी गई थी पर सुप्रीम कोर्ट में मामला जाने के बाद वह दोबारा जेल में पहुंच गई है।
Updated on:
31 Jul 2026 08:43 am
Published on:
31 Jul 2026 08:25 am
