भोपाल

सीमांकन में देरी पर पटवारी को फटकार, एक माह का वेतन काटने के निर्देश

मुख्यमंत्री जन समस्या शिविर में कलेक्टर ने दिखाई सख्ती, अगले दिन सीमांकन पूरा करने का आदेश। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:50 PM IST
सीमांकन में देरी पर पटवारी को फटकार, एक माह का वेतन काटने के निर्देश

देवरी. ग्राम पंचायत रम्पुरा में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन समस्या शिविर में कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने सीमांकन में देरी पर पटवारी को फटकार लगाते हुए एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। शिविर में सांसद दर्शन सिंह चौधरी और एसपी आशुतोष गुप्ता भी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में नया खेड़ा निवासी किसान गुलाब सिंह लोधी ने जमीन का सीमांकन नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में न्यायालय से आदेश उनके पक्ष में होने के बावजूद सीमांकन लंबित है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी महेंद्र लोधी को फटकार लगाई और एसडीएम अंकित जैन को एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही अगले दिन सीमांकन पूरा करने और देरी होने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी।

ग्रामीण कैलाश लोधी ने 20-25 परिवारों के टोले में सड़क, पेयजल और बिजली की समस्या बताई। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को मनरेगा से सड़क निर्माण की कार्रवाई तथा बिजली विभाग को विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बिजली संबंधी अन्य शिकायतों के निराकरण के लिए भी अधिकारियों को कहा गया।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कार्यकर्ता नीतू वर्मा से बच्चों की उपस्थिति और सुविधाओं की जानकारी ली। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी शाम करीब चार बजे पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

शिविर में कलेक्टर के करीब दो घंटे बाद रवाना होने पर उनसे मिलने का इंतजार कर रहे ग्रामीण और स्कूली बच्चे निराश हुए। बच्चे उनसे संवाद की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:50 PM IST
Published on: