राजधानी में जीएसटी पर व्यवसाइयों को जल्द राहत देने की आ रही खबर से व्यापारियों का एक वर्ग इस दिन मोदी से खास उम्मीद लगाए बैठा है।
भोपाल। नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर जहां एक ओर विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार को घेरने में जुटी हैं, वहीं सत्ताधारी बीजेपी भी विज्ञापनों के जरिए पीएम मोदी(pm modi) के इस फैसले को सही साबित करने की कवायद में जुटी है। इसी फेहरिस्त में बीजेपी की तरफ से एक वीडियो जारी किया है, इस वीडियो के जरिए बीजेपी ने यह दर्शाने की कोशिश की है कि नोटबंदी के फैसले से किसी और को परेशानी नहीं हुई है सिवाय भ्रष्ट नेताओं के।
वहीं मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में व्यापारियों का एक वर्ग जीएसटी पर जल्द राहत देने की आ रही खबर के चलते इस दिन मोदी से खास उम्मीद लगाए बैठा है। उनका मानना है कि नोटबंदी की सालगिरह पर PM Modi फिर मन की बात करते हुए व्यापारियों को जीएसटी के चलते पेश आ रही दिक्कतों से राहत देने की घोषणा कर सकते हैं।
इसके पीछे का कारण बताते हुए वे कहते हैं कि शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यदि नवंबर में होने वाली जीएसटी की मीटिंग में सहमति बनती है तो सरकार कारोबारियों को मदद करने और इकॉनमी को मजबूती देने के लिए कुछ कदम उठा सकती है। वहीं पिछले महीने मंत्रियों के पैनल छोटे कारोबारियों के लिए टैक्स की दरों को कम करने की सिफारिश की थी। भले ही मोदी ने इस दौरान 9-10 नवंबर का जिक्र किया था, पर व्यापारियों की माने तो वे इसकी घोषणा नोटबंदी की सालगिरह पर भी कर सकते हैं।
जानिये क्या है इस वीडियो में...
बीजेपी की तरफ से जारी इस वीडियो में एक महिला बहुत गुस्से में यह कहती दिख रही है कि 8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोटबंदी के फैसले से उसे कितना नुकसान हुआ है। वीडियो में गुस्से में दिख रही महिला ने जिस तरीके से गले में चुन्नी ली हुई है और जिस तरह से उसके पास में एक हाथी रखा है वह किसी राजनीतिक दल की नेता जैसी प्रतीत होती है।
इस वीडियो में नेता के रूप में दिखाई गई महिला पीएम मोदी को सलाह दे रही हैं कि वह दोबारा रेलवे स्टेशन पर जाकर चाय बेचें। ज्ञात हो कि 8 नवंबर यानि कल बुधवार को नोटबंदी की पहली सालगिरह है। इस मौके पर पूरे देश में विपक्ष कालाधन दिवस मनाएगा और सरकार के इस फैसले का विरोध करेगा। तो वहीं दूसरी तरफ मोदी सरकार ने इस दिन को एंटी ब्लैक मनी डे के रूप में मनाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बात का कई चुनावी रैलियों में ऐलान कर चुके है।
इससे पहले बीजेपी ने इसी कड़ी में एक वीडियो और जारी किया जिसमें यह बताया गया था कि पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले से आतंकियों की कमर टूट गई है। इस वीडियो में एक शख्स को आतंकी के रूप दिखाया गया है। जो अपना गुस्सा दिखा रहा है और यह कह रहा है कि कैसे पीएम मोदी के एक फैसले से कश्मीर में आंतकवादियों की हालत खराब हुई है।
इधर,नोटबंदी के विरोध में मंगलवार को गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्र सरकार पर खुलकर वार किए। उन्होंने कहा कि एक साल पहले नोटबंदी का जो फैसला केंद्र सरकार ने लिया था, वह जनहित के लिए नहीं बल्कि राजनीतिक फायदे के लिए लिया गया फैसला था। उन्होंने नोटबंदी की घोषणा वाले दिन यानी 8 नवंबर को देश की अर्थव्यवस्था लिए काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देशभर के कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुए और लाखों लोगों बेरोजगार होकर सड़क पर आ गए। मनमोहन सिंह ने कहा कि काला धन बाहर लाने के नाम पर की गई नोटबंदी से गुनाहगारों पर कोई असर नहीं पड़ा। यह एक संगठित लूट थी, जिसमें किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग बर्बाद हो गया।