
मध्य प्रदेश समेत देश के अलग अलग इलाकों में इस बार 7 और 8 मार्च को होली का त्योहार धूममधाम से मनाया गया। एक तरफ जहां आम लोगों ने त्योहार को शांति के साथ मनाया तो वहीं, इस शांति व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का भी खासा योगदान था। यानी जब देशभर में लोग होली का पर्व मना रहे थे तो वहीं, पुलिस जवान अपना त्योहार छोड़ व्यवस्थाओं को संभाले हुए थे। इसी के चलते होली के अगले दिन यानी गुरुवार को पुलिस जवानों ने होली मनाई। भोपाल पुलिस ने तीन दिनों की अहम जिम्मेदारी को निभाने के बाद आज धूमधाम से होली का पर्व मनाया।
राजधानी भोपाल में पुलिस जवानों की होली का मुख्य आयोजन शहर के नेहरू नगर इलाके में स्थित पुलिस कॉलोनी के मैदान में धूमधाम से मनाया। होली समारोह का आगाज भोपाल पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने बंदूक में पिचकारी भरकर साथी पुलिसकर्मियों पर मारते हुए पुलिस जवानों की होली का आगाज किया। इसके बाद सभी पुलिस कर्मी एक दूसरे को रंग - गुलाल लगाते हुए होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
डीजे की धुन पर थिरकते हुए होली का जश्न
यही नहीं, शहर के अलग अलग थानों में भी थाना स्टॉफ की रंगारंग होली देखने को मिली। एक तरफ इस बार खेली गई दो दिवसीय होली में लोगों की सुरक्षा में तैनात रहे पुलिसकर्मी आज अपनी होली के जश्न में झूमते नजर आए। प्रदेश के हाईटेक महिला थाने में अधिकारियों और महिला पुलिस ने जमकर होली खेलने के साथ डांस भी किया। शहर के बागसेवनिया थाने में पुलिस जवान डीजे की धुन पर थिरकते हुए होली के जश्न मनाते नजर आए। जो जवान एक दिन पहले अपनी जिम्मेदारियों के चलते एक दूसरे से बात तक नहीं कर पा रहे थे, वो आज एक दूसरे को होली की बधाई देने और साथ साथ जश्न मनाते नजर आए।