भोपाल

डिलीवरी से पहले एक्सपर्ट रखेंगे गर्भवतियों की सेहत का खास ख्याल, यहां फ्री में मिलेगा इलाज

जेपी अस्पताल में ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए शुरू की जा रही नि:शुल्क सुविधा...मातृ और शिशु मृत्यु दर में सुधार लाने का लक्ष्य

less than 1 minute read
Oct 02, 2024

जेपी अस्पताल में ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को मुफ्त में बर्थ वेटिंग रूम की सुविधा मिलेगी। वे प्रसव की तारीख से एक सप्ताह पहले यहां आकर रुक सकेंगी। इस बर्थ वेटिंग रूम में भोजन भी नि:शुल्क मिलेगा। गर्भवतियों को 7 दिन पहले बर्थ वेटिंग रूम तक पहुंचाने का जिम्मा आंगनबाड़ी केंद्रों को सौंपा गया है।

ये होगा लाभ

इस नई सुविधा से सुरक्षित डिलीवरी और मातृ और शिशु मृत्यु दर में सुधार लाने का लक्ष्य है। दरअसल प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को जब प्रसव या इससे पहले कोई समस्या आती है तो उन्हें अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बर्थ वेटिंग रूम की सुविधा मिलने पर गर्भवती महिलाएं प्रसव से पहले ही यहां रुक सकेंगी।

ये मिलेंगी सुविधाएं

-वेटिंग रूम में गर्भवती की रोजाना डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ सभी जरूरी जांच और देखभाल करेंगे।

-हाई रिस्क प्रेग्नेंसी होने पर महिला को समय रहते उच्च अस्पताल रेफर किया जाएगा। जिससे बच्चा और मां दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।

--वार्ड में गर्भवती के साथ अटेंडर और यदि छोटे बच्चे हैं तो उनका भी भोजन मुहैया कराया जाएगा।

--वार्ड में नर्सिंग स्टेशन मौजूद है। जरूरी पर्याप्त दवाएं हैं।

- बेहतर वेंटिलेशन के साथ एसी, टीवी और वार्मर उपलब्ध कराया जाएगा।

बेहद सकारात्मक पहल

बर्थ वेटिंग रूम में उच्च जोखिम और दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं मिलेंगी। इससे मातृ और शिशु मृत्यु दर में सुधार आएगा। यह एक बेहद सकारात्मक पहल है।

-डॉ. राकेश श्रीवास्तव, सिविल सर्जन, जेपी अस्पताल

Updated on:
02 Oct 2024 10:27 am
Published on:
02 Oct 2024 10:19 am
Also Read
View All

अगली खबर