भोपाल

स्वतंत्रता दिवस समारोह पर भी कोरोना का असर, सोशल डिस्टेंसिंग से होगी बैठक व्यवस्था

संभागायुक्त ने दिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश
less than 1 minute read
Jul 27, 2021
ind.jpg

भोपाल. स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इस बार मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोविड-19 से बचाव के सभी एहतियात बरते जाएंगे और उसी के अनुसार दूरी का ध्यान रखते हुए बैठक व्यवस्था की जाएगी। संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत ने समारोह की तैयारियों का मोतीलाल नेहरू स्टेडियम जाकर स्थल निरीक्षण किया और वहीं पर अधिकारियों की बैठक में इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह के लिए सभी विभाग कोविड-19 के लिए जारी गाइड लाइन के मुताबिक उन्हें सौंपे गए कार्य समय से पूर्ण कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार के परिवर्तन अथवा संशोधन की आवश्यकता शेष नहीं रहे । संभागायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पूरी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले अतिथियों आदि की बैठक व्यवस्था सोशल डिस्टेंसिंग के आधार पर की जाए, ताकि किसी को भी असुविधा न हो । इस दौरान नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय कर बारिश के दृष्टिगत भी बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए । ताकि समारोह के दौरान बारिश होने पर कार्यक्रम प्रभावित नहीं हो। इस अवसर पर एडीजीपी ए सांई मनोहर, कलेक्टर अविनाश लवानिया, डीआईजी इरशाद वली, आयुक्त नगर निगम केवीएस चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि परेड और मार्च पास्ट की रिहर्सल 23 जुलाई से ही प्रारंभ कर दी गई है । निरीक्षण एवं बैठक में राजस्व, लोक निर्माण, जनसम्पर्क, नगर निगम, वि.स.बल एवं पुलिस, विद्युत आदि विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Published on:
27 Jul 2021 12:38 am