
Bhopal news: मध्यप्रदेश में पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। यहां पर पुलिस मुख्यालय ने साल 2027 के लिए पदोन्नति प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा ने प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश जारी कर संबंधित कर्मचारियों का सेवा विवरण निर्धारित प्रारूप में 16 अक्टूबर तक भेजने को कहा है। पीएचक्यू के आदेश के मुताबिक मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के तहत चयन वर्ष 2027 में सामान्य शाखा संवर्ग के अंतर्गत विभिन्न शीघ्रलेखक, मुख्य लिपिक सहित अन्य संबंधित संवर्गों के कर्मचारियों को उच्च पदों पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया के लिए जानकारी मांगी गई है।
सभी इकाइयों को कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित समयसीमा में भेजने और सेवा अभिलेखों की जांच कर सही विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें कर्मचारियों की वर्तमान पदस्थापना, सेवा अवधि, पद और पदोन्नति से संबंधित आवश्यक जानकारियां शामिल की जाएंगी। जानकारी के आधार पर पात्र कर्मचारियों की सूची तैयार करने में मदद मिलेगी। इसके बाद निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार पदोन्नति के मामलों पर विचार किया जाएगा। समय पर जानकारी नहीं मिलने से प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी पुलिस इकाइयों को तय तारीख तक विवरण भेजने को कहा गया है।
वरिष्ठ श्रेणी शीघ्रलेखक- 13
कनिष्ठ श्रेणी शीघ्रलेखक- 30
सूबेदार- 10
उप निरीक्षक- 20
सहायक उप निरीक्षक-55
पुलिस इकाइयों को संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की निर्धारित प्रारूप में सेवा विवरण तैयार करना होगा। इसमें अधिकारी-कर्मचारी का नाम, भर्ती के समय चयनित संवर्ग, वर्तमान पद, वरिष्ठता सूची में क्रमांक, नियुक्ति और पूर्व में मिली पदोन्नति की तारीख, जन्मतिथि, गृह जिला, शैक्षणिक योग्यता और विभागीय प्रशिक्षण और अन्य कॉलम शामिल है। लंबित विभागीय कार्रवाई, निलंबन अथवा अभियोजन से जुड़ी स्थिति भी स्पष्ट रूप से दर्ज करनी होंगी।
साथ ही साथ कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका और उपलब्ध विभागीय रिकॉर्ड के आधार पर सभी जानकारियों का सत्यापन करना होगा। पदोन्नति से संबंधित पात्रता तय करने में वरिष्ठता और निर्धारित सेवा अवधि का विशेष महत्व रहेगा। संबंधित इकाइयों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसी कर्मचारी की जानकारी अधूरी या त्रुटिपूर्ण न हो। निर्धारित प्रारूप में प्राप्त विवरणों के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों से समयसीमा का पालन करते हुए जानकारी भेजने को कहा है।