
आदिवासी छात्रों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते रतन सिंह (फोटो सोर्स: Patrika)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना इलाके में एक दिन पहले आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन के दौरान 'जय जोहार' बोलने पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार को बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। इधर, मिसरोद हिन्दू उत्सव समिति ने भी रतन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, कार्रवाई पर खुशी व्यक्त करते हुए मिसरोद के रामलीला मैदान में जमकर आतिशबाजी की। साथ ही, इलाके में मिठाई बांटते हुए खुशी मनाई।
मिसरोद हिन्दू उत्सव समिति के आयोजक अजय पाटीदार ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि, ये क्षेत्र वासियों के लिए बड़ी राहत देने वाली बात है कि, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टीआई की गुंडाई पर संज्ञान लेकर कार्रवाई की। पाटीदार के अनुसार, अपने कार्यकाल के दौरान टीआई रहते हुए इन्होंने क्षेत्र में गुंडागर्दी मचा रखी थी। कई लोगों के खिलाफ गलत अपराध तक दर्ज किए हैं। इस मामले पर हिंदू उत्सव समिति लगातार क्षेत्रवासियों पर हो रही रतन सिंह की मनमानियों को लेकर आला अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत भी कर चुकी है। इसपर विभागीय पड़ताल चल ही रही थी अब आदिवासी छात्रों के साथ इनके व्यक्तित्व का असल चेहरा सीएम मोहन यादव के साथ-साथ शहरवासियों ने भी देख लिया।
अजय पाटीदार के मुताबिक, यही कारण है कि, आज मिसरोद हिंदू उत्सव समिति थाना क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर रामलीला मैदान में आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हम मध्य प्रदेश शासन से मांग करेंगे कि, इस तरह की मानसिकता वाले व्यक्ति को आगे भी किसी अन्य थाने में जगह न दें।
इधर कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा- मामला संज्ञान में आने के बाद थाना प्रभारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज के साथ घटित इस शर्मनाक घटना को गंभीरता से लेते हुए टीआई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के आदेश भी दिए है। यानी जांच में अन्य जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
बता दें कि, मंगलवार को शहर के मिसरोद इलाके में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का स्टूडेंट विंग छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहा था। इस दौरान छात्र 'जय जोहार' यानी सबका कल्याण करने वाली प्रकृति की जय नारा लगा रहे थे। इसपर टीआई रतन सिंह परिहार भड़क गए। उन्होंने न सिर्फ आदीवासी युवाओं से अभद्र टिप्पणी की बल्कि उनसे ये भी कहा कि, 'यहीं कूट दूंगा।' मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया, क्योंकि ये पूरा घटनाक्रम एक मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब तेजी से वायरल है। इसी वीडियो के आधार पर हिंदू उस्तव समिति के साथ साथ अन्य संगठनों ने विरोध जताया। साथ ही सीएम ने कार्रवाई की।
Updated on:
14 Oct 2026 04:53 pm
Published on:
14 Oct 2026 04:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
