भोपाल

एनएलआइयू स्टूडेंट ने सब-इंस्पेक्टर की बेटी के साथ किया दुष्कर्म, फोटो वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे लाख रुपए

पुलिस ने छह छात्रों को बनाया आरोपी, पीडि़ता ने मां के गहने तक लुटाए

2 min read
Sep 23, 2018
rap in bhopal
rap in bhopal

भोपाल. एनएलआइयू स्टूडेंट ने सब-इंस्पेक्टर की बेटी को ब्लैकमेल कर पहले चार लाख रुपए ऐंठे, इसके बाद रकम देने के बहाने ढाबा में बुलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी छात्र ने अपने सगे भाई और चार दोस्तों के साथ मिलकर युवती को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसकी मां के जेवर तक ठग लिए। पीडि़ता ने जनवरी से 30 जुलाई के बीच उसके साथ ये वारदात किया जाना बताया है। बाग सेवनिया पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, जान से मारनी की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी एनएलआइयू के छात्र को हिरासत में लिया है।

टीआई उमराव सिंह ने बताया कि अमराई बागसेवनिया निवासी 20 वर्षीय युवती एक निजी कॉलेज में पढ़ती है। उसके पिता सब-इंस्पेक्टर हैं। पीडि़ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि स्कूल में पढ़ते हुए उसकी दोस्ती साकेत नगर निवासी प्रशांत दाहिया, प्रतीक दाहिया, सौरभ रघुवंशी, नितिन से हुई थी। प्रतीक एनएलआइयू में पढ़ रहा है। युवती का कहना कि साथ में पढ़ते हुए प्रतीक के भाई प्रशांत ने उसकी फोटो ले ली थी। इन्हीं फोटो को दिखाकर प्रशांत ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके एवज में प्रशांत ने 40 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद प्रशांत ने अपने भाई प्रतीक की तबियत बिगडऩे का हवाला देते हुए युवती से फिर रुपयों की मांग की। ब्लैकमेलिंग में फंसी युवती ने प्रशांत को अपनी मां के जेवर, दो सोने की अंगूठी, चेन और कान के टॉप्स सौंप दिए। युवती का कहना है कि मां के गहने लेने नितिन, सौरभ, तौमेन सिंट्रो और पृथ्वी शर्मा उसके घर आए थे। नितिन ने यह जेवर एक फायनेंस कंपनी में 50 हजार रुपए में गिरवी रख दिए हैं।

रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर फिर की ठगी

युवती ने हाल ही में रेलवे में नौकरी का फॉर्म भरा, जिसकी जानकारी आरोपी प्रशांत समेत उसके साथियों को लग गई। प्रशांत ने उसे झांसा दिया कि सौरभ के पिता रेलवे में नौकरी करते हैं, दो लाख रुपए की व्यवस्था कर लो तो वे रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। इस पर युवती ने अपने पिता के बैंक खाते व पेटीएम के जरिए आरोपियों के खाते में करीब 1.40 लाख रुपए दिए। जब नौकरी नहीं मिली तो युवती ने रकम वापस करने का दबाव बनाया। 30 जुलाई को प्रशांत का भाई प्रतीक युवती को रकम लौटाने के लिए रायसेन रोड के अतिथि ढाबा में लेकर पहुंचा। यहां बनी झोपड़ी में प्रतीक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती को घर छोड़ दिया। पुलिस ने प्रतीक के खिलाफ दुष्कर्म, उसके भाई प्रशांत, दोस्त नितिन, सौरभ रघुवंशी, तौमेन सिंट्रो और पृथ्वी शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी प्रतीक को गिरफ्तार कर लिया है।

बाप-बेटे का आपराधिक रिकार्ड

टीआई ने बताया कि प्रतीक पूर्व में भी चोरी और एक अन्य मामले में आरोपी रह चुका है। उसके पिता प्रमोद के खिलाफ भी चेक बाउंस का एक मामला बागसेवनिया थाने में दर्ज है। प्रतीक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के बैंक डिटेल की भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
23 Sept 2018 12:43 am
Published on:
23 Sept 2018 04:03 am