भोपाल

विधायक लिखी कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई

हबीबगंज इलाके में अवंतिका कल्ब के पास एक लग्जरी कार ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2017, 12:11 PM IST
Road accident
Road accident

भोपाल। हबीबगंज इलाके में अवंतिका कल्ब के पास एक लग्जरी कार ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। कार पर नंबर प्लेट की जगह विधायक लिखा था। इस मामले में पुलिस ने कार चालक से पूछताछ तक नहीं की। इतना ही नहीं पुलिस यह भी नहीं बता सकी कि विधायक लिखी कार किस विधायक की है। पुलिस की तरफ से दलील दी जा रही कि कार सवार और हादसे में घायल शख्स के बीच आपस में समझौता हो गया था। ऐसे में घायल ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं की है। इस तरह किसी भी वाहन पर नंबर प्लेट की जगह विधायक या अन्य कोई शब्द लिखना गैरकानूनी है।

कार जिस नाम से रजिस्टर्ड उसका कोई एमएलए नहीं

स्कूटी सवार को टक्कर मारने वाली विधायक लिखी कार ग्राम खजूरी कला भोपाल निवासी भगवान सिंह के नाम से रजिस्टर्ड है। पड़ताल में सामने आया कि इस नाम का कोई व्यक्ति मध्यप्रदेश विधानसभा का सदस्य नहीं है, फिर पुलिस ने कार सवारों से क्यों पूछताछ नहीं की कि कार किसकी है। यदि युवकों ने कार किसी विधायक की बताई है तो वह विधायक कार में सवार थे कि या नहीं। यदि सवार थे तो पुलिस उस विधायक का नाम क्यों छिपा रही है। सवार नहीं थे तो पुलिस कार को जब्त कर कार्रवाई क्यों नहीं की।

जालम सिंह का लिया कार सवार ने नाम

पुलिस को कार में सवार एक युवक ने खुद का नाम सुशील राजपूत बताया। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने सुशील से कार के बारे में जानकारी पूछी तो उसने कार विधायक जालम सिंह की होना बताया। इसके बाद पुलिस ने आगे पूछना ही बंद कर दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस घटनास्थल से चली गई, जबकि कार सवार पुलिस के सामने ही घायल को दबाने में जुटे थे।

थाने में विधायक लिखी कार के खिलाफ कोई शिकायत करने नहीं आया। जानकारी मिली कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने अभी विधायक का नाम नहीं बताया है। - आरबी यादव, प्रभारी थाना प्रभारी, हबीबगंज

Published on: