भोपाल

चार इमली में आइपीएस के बंगले के पीछे एसएएफ जवान खेल रहे थे जुआ.. फिर हो गया ये..!

पांच जवानों समेत 22 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया

2 min read
May 10, 2018

भोपाल। हबीबगंज पुलिस ने शहर की सबसे सुरक्षित माने जाने वाले चार इमली इलाके में एक आइपीएस के बंगले के पास एसएएफ के पांच जवानों समेत 22 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लाख दस हजार रुपए ताश पत्ते जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कई दिनों से बंगले के पीछे स्थित खाली पड़ी जगह को जुआ खेलने का अड्डा बना रखा था। हबीबगंज टीआई वीरेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार देर शाम सूचना मिली कि चार इमली इलाके के कल्लू के गड्ढे के पास जुआ चल रहा है।

पुलिस ने दबिश देकर 22 लोगों को यहां से जुआ खेलते हुए पकड़ा। जिनकी पहचान एसएएफ के जवान उत्कर्ष उपाध्याय, कल्लू शर्मा, संजय सिंह, विजय कुमार, वीरेन्द्र थापा समेत 22 अन्य के रूप में हुई। पुलिसकर्मियों के अलावा जो आरोपी पकड़े गए हैं उनमें कई छोटे व्यापारी शामिल हैं। जिस आइपीएस अधिकारी के बंगले के पास जुआ रहा था वे वर्तमान में दिल्ली में पदस्थ हैं। इसी का फायदा एसएएफ के जवान उठा रहे थे। वह बेखौफ होकर यहां जुआ का फड़ चलाते थे।

फर्जी जमानतदार पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

इधर भोपाल के फर्जी बही लगाकर हत्या के मामले में आरोपी की जमानत लेने का प्रयास करने वाले इमरान खान निवासी सिकंदराबाद के खिलाफ अदालत ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश एमपीनगर पुलिस को दिए हैं। इमरान ने फर्जी बही पेश कर अदालत में हत्या के मामले में आरोपी सत्यनारायण की जमानत लेने का प्रयास किया था। शंका होने पर जज ने पहले बही जब्त कर तहसील कार्यालय से जांच कराई। जांच में बही फर्जी पाए जाने पर फर्जी जमानतदार इमरान के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कूट रचना के अंतर्गत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।

मामला अपर सत्र न्यायाधीश भूभास्कर यादव की अदालत का है। सिकंदराबाद निवासी इमरान खान 27 अप्रैल को कोर्ट में उपस्थित हुआ था। हत्या के मामले में आरोपी सत्यनारायण की जमानत के लिए इमरान ने सिकंदराबाद की फर्जी बही पेश की थी। जज ने बही जब्त कर तहसील हुजूर से बही के संबंध में जांच कराई। जांच में सामने आया कि सिकंदराबाद में इमरान की कोई जमीन ही नहीं है।

ये भी पढ़ें

समर कैंप : संतुलित दिनचर्या ही है विकास का सही आधार

Published on:
10 May 2018 06:54 pm
Also Read
View All