
MP Set to Become Rich in Valuable Minerals Like Manganese and Bauxite- demo pic
Minerals- मध्यप्रदेश में प्रचुर खनिज हैं। इनमें मैंगनीज, बाक्साइट जैसे महंगे खनिज भी शामिल हैं। कई जगहों पर दुर्लभ खनिज भी मिले हैं। प्रदेश में खनिजों का उत्पादन बढ़ाने के लिए अब बंद पड़ी खदानों में भी दोबारा खनन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे राजस्व बढऩे के साथ खनिजों की आवक भी बढ़ेगी। मप्र स्टेट माइनिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने फिलहाल 6 जिलों में बंद पड़ी सात खदानों में खनिजों की खोजबीन शुरू कराने की तैयारी की है। इनमें मुख्यत: बॉक्साइट, मैंगनीज और लाइमस्टोन की खदानें शामिल हैं। यहां पर पहले यह देखा जाएगा कि अभी कितना खनिज भंडार मौजूद है। इसके बाद इन खदानों की दोबारा नीलामी की जाएगी। अन्य बंद पड़ी खदानों को भी दोबारा खनन के लिए खोजा जा रहा है।
माइनिंग कॉरपोरेशन चिह्नित की गई सात बंद खदानों में बोरहोल और ड्रिलिंग कराकर खनिज के सैंपल एकत्रित करने के लिए एजेंसियों का चयन कर रहा है। कॉरपोरेशन के साथ पहले से काम कर रही कंपनियों में से ही इसके लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं।
कंपनियां कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगी और बंद पड़े इन खनिज ब्लॉक्स में तय दूरी तक ड्रिलिंग कर खनिजों की मात्रा का आकलन करेंगी।
कॉरपोरेशन के अधिकारियों अनुसार, सैंपलिंग के लिए इन सातों ब्लॉक में 20 बोरहोल्स कर कुल 660 मीटर ड्रिलिंग की जाएगी। सभी ब्लॉक से 462 सैंपल एकत्रित कर संबंधित एजेंसी देगी। सैंपलिंग के बाद खनिजों की क्वालिटी और क्वांटिटी का आकलन प्रयोगशालाओं में कराया जाएगा। इसके बाद इन ब्लॉक्स को नीलामी में लाया जाएगा।
सात के अलावा अन्य खनिज ब्लॉक भी चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख रूप से ऐसे ब्लॉक चिन्हित कर रहे हैं जिनकी लीज लेप्स हो गई है या जहां काम बंद हो चुका है।
खनिज नीलामी में वर्ष 2025 में देशभर में नीलाम किए गए 141 खनिज बलॉकों में से 32 खनिज ब्लॉकों की नीलामी मध्यप्रदेश में हुई है, जो देश में सर्वाधिक है। खान एवं खनिज विकास (एमएमडीआर) संशोधन अधिनियम, 2025 और इससे जुड़े नियमों में किए गए बदलावों से खनिज अन्वेषण, नीलामी, निवेश और स्थानीय विकास को गति मिली है। चूना पत्थर, लौह अयस्क और बॉक्साइट जैसे प्रमुख खनिजों की नीलामी से सीमेंट, स्टील और संबद्ध उद्योगों को भी मजबूती मिली है।
खनन नियमों के सरलीकरण, खनिज एक्सचेंज की व्यवस्था और नीलामी प्रक्रिया को तेज़ किए जाने से मध्यप्रदेश में खनिज क्षेत्र में निजी निवेश भी बढ़ रहा है। इससे राज्य के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित हो रहे हैं।
इन बंद खदानों में एक्सप्लोरेशन
ब्लॉक और जिला खनिज क्षेत्रफल हेक्टेयर में
गायत्री मिनरल्स रीवा बॉक्साइट 32
डीके जैन सतना बॉक्साइट 10.6
केसी बगाडिया कटनी लाइमस्टोन 8
सीतापथोर बालाघाट मैंगनीज 20.2
पीएस हजारी दमोह लाइमस्टोन 5.66
सीसीआईएल-1 नीमच लाइमस्टोन 336
सीसीआईएल-2 नीमच लाइमस्टोन 163
Published on:
08 Apr 2026 07:57 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
