भोपाल

भगवा को आतंकी कहोगे तो जनता चुप नहीं बैठेगी : सतीश

साक्षात्कार : मध्यप्रदेश में भाजपा के चुनाव सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने ‘पत्रिका’ से कई मुद्दों पर खुलकर बात की

3 min read
May 01, 2019
satish upadhyay

हरीश दिवेकर, भोपाल. सॉफ्ट या हार्ड हिन्दुत्व हमारा फंडा नहीं है। हम तो देश की अखंडता का धुव्रीकरण चाहते हैं। कांग्रेस हम पर धर्मनिरपेक्ष से जुड़े आरोप लगाती है। भगवा रंग को आतंकी घोषित करोगे तो जनता चुप नहीं बैठेगी। यह बात भाजपा के मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव सह-प्रभारी सतीश उपाध्याय ने ‘पत्रिका’ से विशेष बातचीत में कही। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश...

Q. लोकसभा चुनाव में क्या इस बार भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहेगा?
देखिए, ये चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हो रहा है। हम सभी 29 सीटों पर लीड करने की स्थिति में हैं।

Q. चुनाव मोदी फैक्टर पर हो रहा है, यानी स्थानीय मुद्दों को तवज्जो नहीं मिलेगी?
प्रदेश के स्थानीय मुद्दों पर भी बात हो रही है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार अलोकप्रिय हो गई है। किसान और बेरोजगार परेशान, गरीबों की संबल योजना बंद हो गई ट्रांसफर उद्योग बन गया है। भाजपा इन मुद्दों पर भी चुनाव लड़ रही है।

Q. कांग्रेस सरकार बने चार माह हुए हैं, उसमें भी डेढ़ माह आचार संहिता रही। क्या ढाई माह की सरकार की कमियां निकालकर चुनाव लड़ रहे हैं?
झूठ बोलकर राजनीति का प्रपंच कांग्रेस ने रचा। राहुल गांधी ने कहा था कि दो लाख का कर्जा 10 दिन में माफ नहीं होगा तो मुख्यमंत्री को हटा देंगे। मुझे काई 10 नाम बता दीजिए, जिनका दो लाख का कर्जा माफ हुआ है।

Q. कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार आते ही केंद्र सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है?
कांग्रेस आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। किसानों के कर्जमाफी के लिए 50 हजार करोड़ की आवश्यकता है, लेकिन बजट 5000 करोड़ का रखा। मोदी किसानों के खाते में क्र6000 जमा करने की योजना लाए हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने किसानों की सूची ही नहीं दी।

Q. कांग्रेस की न्याय योजना का असर चुनाव में दिख रहा है?
किसानों का दो लाख रुपए कर्ज माफ करने की झूठी योजना की तरह न्याय योजना में 72 हजार देने का झूठ बोल रहे हैं।

Q. प्रदेश में प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा में ज्यादा अंसतोष देखने में मिला है?
प्रत्याशियों के चयन में निश्चित तौर पर सभी दलों में ऐसा अंसतोष सामने आता है। टिकट एक को ही मिलता है, दूसरे दावेदारों की भी अपेक्षाएं होती हैं। वे अपनी इच्छाएं जाहिर करते हैं, लेकिन ज्यादातर मान जाते हैं।

Q. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा धु्रवीकरण की राजनीति पर उतर आई है?
कांग्रेस छद्म धर्मनिरपेक्षता करती है। ये कांग्रेस ही है जो जेएनयू की घटना में राष्ट्रविरोधी लोगों के साथ खड़ी थी। सर्जिकल स्ट्राइक के प्रमाण मांगे और आतंकवादी को हाफिज सईदजी कहकर सम्मानित करती है। प्रज्ञा को झूठे मामले में फंसाकर नए तरह के भगवा आतंकवाद की संज्ञा दी इसका पर्दाफाश होना चाहिए।

Q. प्रज्ञा जमानत पर हैं। ये कह सकते हैं कि उन्हें झूठे आरोप में फंसाया गया?
राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी तो जमानत पर हैं। प्रज्ञा को एनआइए ने क्लीनचिट दी है। कांग्रेस चुनाव में तुष्टीकरण की राजनीति का इस्तेमाल करती रही है। भाजपा सर्वधर्म समभाव की बात करती है, लेकिन यदि कोई संघ और भगवा रंग को आतंकवाद घोषित करेंगे तो जनता चुप नहीं बैठेगी।

बाटला हाउस की घटना के बाद कांग्रेस के नेता उनके घर जाकर सांत्वना देते हैं। चुनाव का समय है इसलिए नाम नहीं ले रहा हूं। क्या ये राष्ट्रवाद है, क्या ये राजनीति है? हम देश की एकता व अखंडता का ध्रुवीकरण करना चाहते हैं।

Q. सीएम कमलनाथ के छिंदवाड़ा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना में भाजपा के किसी स्टार प्रचारक ने सभाएं क्यों नहीं लीं?
नहीं ऐसा कतई नहीं है। छिंदवाड़ा और गुना में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार फोकस किए हुए हैं। वे प्रदेश से सबसे बड़े स्टार प्रचारक और मोस्ट डिमांडिंग नेता हैं।

Q. हिन्दुत्व को आप लोगों ने हार्ड और सॉफ्ट हिन्दुत्व में क्यों बांट रखा है?
ये तो नरेशन है, हमारा कोई सॉफ्ट और हार्ड हिन्दुत्व का फंडा नहीं है। हम तो समरसता चाहते हैं। हमारी टैग लाइन ही सबका साथ सबका विकास है। कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं है तो वो भाजपा पर धर्मनिरपेक्ष से जुड़े आरोप लगाते हैं।

Published on:
01 May 2019 09:43 am
Also Read
View All