
Seoni Balaghat Fourlane Highway Construction: मध्य प्रदेश में मंगलवार को की राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय में मोहन कैबिनेट की बैठक (MP Cabinet Meeting) का आयोजन किया गया। इस बैठक में सिवनी-बालाघाट स्टेट हाईवे के 91.64 किमी मार्ग को पेव्ड शोल्डर सहित फोर-लेन करने का निर्णय लिया गया है। हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना की लागत 3458 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही, 12 नई सड़कों का निर्माण भी हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर किया जाएगा। पीडब्लूडी मंत्री राकेश सिंह ने बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी दी। स्थानीय सांसद ने इस प्रोजेक्ट को लेकर सीएस अशोक बर्नवाल से मुलाकात भी की थी।
सिवनी से बालाघाट के बीच सरकार फोर-लेन मार्ग बनाएगी, जो 91 किमी लंबा होगा। निर्माण पर करीब 3500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। फोर-लेन बनने से करीब पांच लाख राहगीरों को सुविधा होगी। अभी टू-लेन मार्ग कई जगह घुमावदार है। बार-बार खराब हो जाता है। पूर्व की तुलना में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। कई बार जाम की स्थिति बनती है, जो घंटों नहीं खुलता। ऐसे में 91 किमी का सफर तय करने में लोगों को 3-4 घंटे लग जाते हैं, जबकि 2 घंटे लगने चाहिए।
4-लेन मार्ग पर करीब 13 किमी की दूरी में कान्हा कॉरिडोर भी प्रस्तावित है। इसमें करीब 3 किमी अंडरपास वाला हिस्सा होगा। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से कॉरिडोर व अंडरपास को जोड़ा जाएगा।
सांसद भारती पारधी ने बीते दिनों मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल से क्षेत्र के विधायकों कमल मस्कोले, राजकुमार कर्राहे, गौरव पारधी के साथ मुलाकात की थी। जनप्रतिनिधियों ने कहा था कि फोर-लेन बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
दुर्घटनाओं में कमी आएंगी।
क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, व्यापारियों की आय बढ़ेगी।
आम राहगीरों, छात्रों, मरीजों, किसानों को लाभ होगा।
91 किमी की दूरी के अंदर कुछ बायपास भी बनेंगे।
हालांकि लोगों को टोल देना होगा।
बता दें कि कैबिनेट में सरकार ने हाल ही में भोपाल-विदिशा के बीच भी फोर-लेन को मंजूरी दी थी। इसे लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय स्वीकृति भी दे दी है। भोपाल-विदिशा फोर- लेन 1757 करोड़ में बनाया जाएगा।