भोपाल

Himadri Singh : मां-पिता नहीं रहे, पति का भी छूटा साथ, सांसद हिमाद्री सिंह को अब बेटी का सहारा

MP Himadri Singh : शहडोल से बीजेपी की सांसद हिमाद्री सिंह ने देखे अनेक उतार चढ़ाव, पति नरेंद्र मरावी से कानूनन तलाक के बाद चर्चा में आईं
2 min read
Sep 15, 2026
shahdol mp himadri singh shared a photo of her daughter
shahdol mp himadri singh shared a photo of her daughter- सांसद हिमाद्री सिंह और बेटी गिरिशा फोटो सोर्स : X @Himadri4Bjp

Himadri Singh : BJP सांसद हिमाद्री सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपने पति नरेंद्र मरावी से तलाक ले लिया है। अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम कोर्ट ने इस संबंध में डिक्री जारी की है। हालांकि हिमाद्री सिंह कई सालों से पति से अलग ही रह रहीं थीं पर अब उनका दांपत्य जीवन कानूनी रूप से भी समाप्त हो गया है। पति नरेंद्र मरावी से संबंध विच्छेद के बाद वे अकेली रह गई हैं। सांसद हिमाद्री सिंह के मांं-पिता गुजर चुके हैं। वे अब अपनी बेटी के साथ ही रहेंगी। सांसद हिमाद्री सिंह ने अपनी बेटी गिरिशा सिंह और उसके द्वारा बनाई गई गणेश प्रतिमा की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की।

शहडोल से बीजेपी की सांसद हिमाद्री सिंह ने अपने जीवन में अनेक उतार चढ़ाव देखे हैं। मां-पिता सुदूर गांवों में रहे पर उनका बचपन बहुत अच्छा बीता। हिमाद्री सिंह की पढ़ाई देश की राजधानी दिल्ली में हुई। राजनैतिक करियर की शुरुआत हार से हुई लेकिन बाद में वे शहडोल संसदीय क्षेत्र से 2 बार की सांसद बन गईं।

प्रदेश के बड़े राजनीतिक परिवार से संबंध

हिमाद्री सिंह का संबंध मध्यप्रदेश के बड़े राजनीतिक परिवार से है। उनके पिता दलवीर सिंह और मां राजेश नंदिनी सिंह दोनों ही अपने समय में इलाके के कद्दावर नेता रहे। हिमाद्री सिंह के पिता की तो आदिवासी समुदार में जबर्दस्त पकड़ थी। दलवीर सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे। स्वर्गीय राजीव गांधी ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में स्थान दिया था। हिमाद्री सिंह की मां राजेश नंदिनी सिंह भी शहडोल से सांसद रह चुकी हैं। वे कोतमा की विधायक भी रहीं थीं।

कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की, पति नरेंद्र मरावी की रही अहम भूमिका

हिमाद्री सिंह पहले कांग्रेस में थी। पार्टी प्रत्याशी के रूप में उन्होंने 2016 में लोकसभा चुनाव भी लड़ा। 2019 में हिमाद्री सिंह ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली। इसमें पति नरेंद्र मरावी की अहम भूमिका रही। राजनीतिक गलियारों में कहा जाता है कि उन्होंने ही अपनी पत्नी हिमाद्री सिंह को बीजेपी में शामिल कराया। पार्टी ने उन्हें शहडोल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। इस बार हिमाद्री सिंह जीत गईं। 2024 में भी वे शहडोल लोकसभा सीट से ही सांसद चुनी गईं।

गिरिशा कुमारी को भी अपनी मां से गहरा लगाव

हिमाद्री सिंह की नरेंद्र सिंह मरावी से शादी सन 2017 में हुई थी। दोनों की एक बेटी गिरिशा कुमारी सिंह है। हिमाद्री के माता-पिता का देहांत हो चुका है। अभिभावकों का आसरा नहीं बचा है। पति से भी कानूनी अलगाव हो गया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सांसद हिमाद्री सिंह अपनी बेटी के साथ ही रहेंगी। 20 जून 2019 को जन्मीं गिरिशा कुमारी को भी अपनी मां से गहरा लगाव है। खास बात यह है कि हिमाद्री सिंह अपनी की परवरिश खुद करेंगी। उन्होंंने अपने पति नरेंद्र मरावी से कोई भरण पोषण राशि नहीं मांगी है।

Updated on:
15 Sept 2026 05:24 pm
Published on:
15 Sept 2026 04:42 pm