भोपाल

मासूमों से दुष्कर्म करने वालों को तड़पा-तड़पा कर मारा जाए- शिवराज

मानवाधिकार इंसानों के लिए है दरिंदों के लिए नहीं।
less than 1 minute read
• •
Dec 04, 2019
shivraj_singh_1_1.jpg
vidhansabha news

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मासूमों के साथ दुष्कर्म करने वालों को तड़पा-तड़पा कर मारा जाना चाहिए। हैदराबाद में एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जला देने की घटना के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवराज ने कहा कि दुष्टों के साथ दुष्टता का ही व्यवहार होना चाहिए। मानवाधिकार इंसानों के लिए है दरिंदों के लिए नहीं। राजस्थान के झालावाड़ में एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे शिवराज ने यह बात मीडिया से चर्चा में कही। शिवराज ने कहा कि जो तकलीफ बेटी को दी गई, वही तकलीफ इन दरिदों को देकर इन्हें भी मार देना चाहिए।

शिवराज ने कहा एक घटना होती है, कैंडिल मार्च निकलते हैं कुछ दिन बाद फिर जघन्य अपराध का सिलसिला शुरू हो जाता है। शिवराज ने कहा कि संसद को मासूमों से बलात्कार के मामले में कड़ा कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस से भी मांग करते हैं कि बलात्कार के मामले में कानून की लंबी प्रक्रिया के स्थान पर लोअर कोर्ट के द्वारा सुनाई सजा की तत्काल पुष्टि करके अपराधी को फांसी की सजा दे दी जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब मैं मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री था तो मासूमों से बलात्कार करने वालों को फांसी की सजा का कड़ा कानून बनाया था। 27 लोगों को फंासी की सजा सुनाई गई, लेकिन तकलीफ इस बात की है कि फांसी के फंदे पर एक भी नहीं लटक पाया है। न्याय प्रक्रिया में इतना समय बीत जाता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं। उन्होंने कहा इस कारण से कानून भी बेअसर हो जाता है। कैसा समाज हो गया है। हमारे यहां बेटियों की पूजा होती है औऱ जब बेटियों के साथ ऐसी घटनाएं सुनता हूँ तो मन व्यथित हो जाता है ।

Published on:
04 Dec 2019 08:13 am