भोपाल

हाथों में दीप लेकर हजारों लोगों ने की मां नर्मदा की महाआरती

हाथों में दीप लिए हजारों लोग, अशोका गार्डन में बने नर्मदा पार्क में मां नर्मदा परिक्रमा कर रहे थे। दीपों की रोशनी के साथ-साथ आकर्षक विद्युत साज सज्जा
2 min read
• •
Updated: 24 Jan 2018, 10:10 AM IST
narmada jyanti

भोपाल। हाथों में दीप लिए हजारों लोग, अशोका गार्डन में बने नर्मदा पार्क में मां नर्मदा परिक्रमा कर रहे थे। दीपों की रोशनी के साथ-साथ आकर्षक विद्युत साज सज्जा से पार्क जगमगा रहा था। महिला, पुरुष, युवा सहित सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल थे, और हर-हर नर्मदे, नमामि देवी नर्मदे के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था। मौका था नर्मदा जयंती की पूर्व संध्या पर अशोका गार्डन स्थित नर्मदा परिक्रमा पार्क में आयोजित नर्मदा जयंती उत्सव की। जयंती की पूर्व संध्या पर यहां घर-घर से एकत्रित नर्मदा जल से मां नर्मदा का जलाभिषेक किया गया, और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती हुई।

सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक संजर, पूर्व सांसद कैलाश नारायण सारंग सहित हजारों लोगों की उपस्थिति में मां नर्मदा का अभिषेक हुआ और विशेष पूजा अर्चना की गई। इसके पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने अपने क्षेत्र से कलश में नर्मदा जल और दीप लेकर यहां पहुंचे। हाथों में दीपक लेकर श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की परिक्रमा की और विशेष पूजा अर्चना हुई। रात्रि में यहां महाआरती का आयोजन किया गया। वैदिक पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कराई। इसके बाद संगीतमसय भजन संध्या का आयोजन किया गया।

नर्मदा आने से दूर हुई पानी की समस्या

इस मौके पर सहकारिता राज्य मंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्मदा जल के आने से नरेला क्षेत्र में वर्षोंं की पानी की समस्या दूर हुई है। क्षेत्र के सभी 17 वार्डों के प्रत्येक घर में रोजाना नर्मदा जल की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जीवन देती है। मां नर्मदा जल का महत्व हमारे जीवन में है। हमारा भी दायित्व बनता है कि हम प्रकृति के, जल के, मां नर्मदा के संरक्षण और संर्वधन के लिए काम करें और प्रकृति का सम्मान करें।

भजनों पर झूम उठे श्रोता
इस मौके पर यहां भजन भजनों का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक चरणजीत सिंह ने संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी, और देर रात तक श्रोता मंत्रमुग्ध होकर भजन सुनते रहे। भजन गायक ने मां नर्मदा की महिमा पर भी अनेक सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी।

नर्मदा जयंती आज, गूंजेंगे जयकारे
नर्मदा जयंती का पर्व बुधवार को श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाएगा। शहर में अनेक स्थानों पर धार्मिक आयोजन हांेगे। हर हर नर्मदे के जयकारों से शहर गूंजेगा। शीतलदास की बगिया स्थित नर्मदा मंदिर में सुबह मां नर्मदा का जलाभिषेक और विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद नर्मदाष्टक पाठ होगा और हवन, पूजन प्रसाद वितरण होगा। तुलसी नगर नर्मदा मंदिर में भी मां नर्मदा की विशेष पूजा अर्चना होगी, यहां से सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो तुलसी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर वापस नर्मदा मंदिर पहुंचेगी।

Published on: