सीहोर। जब विवाहिता बुलाने के बाद भी चौराहे पर नहीं आई तो एक मनचले ने रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी।
सीहोर। जब विवाहिता बुलाने के बाद भी चौराहे पर नहीं आई तो एक मनचले ने रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी। युवक दो माह से विवाहिता को परेशान करते हुए बातचीत करने के लिए विवश कर रहा था। पुलिस ने युवक के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है।
पुलिसके अनुसार भोपाल नाका के समीप स्थित अंबेडकर धर्मशाला के निकट रहने वाली 26 वर्षीय विवाहिता को निकटवर्ती वंशकार मोहल्ला निवासी विकास उर्फ विक्की पेंटर पिता गोपीलाल रोलिया पिछले दो माह से लगातार परेशान कर रहा था। इसके साथ ही उसे रोककर बार बार इस बात पर विवश किया जा रहा था कि वो उससे बात किया करें।
विवाहिता के ध्यान नहीं दिए जाने पर भी युवक अपनी जिद पर बरकरार रहा उसने गत दिवस विवाहिता से कोतवाली चौराहा व तहसील चौराहा पर मिलने के लिए कहा लेकिन विवाहिता ने जब इस बात को सुन अनसुना कर दिया। तब 17 अप्रैल की रात को करीब 9 बजे विकास ने विवाहिता को उसी के घर पर जाते समय रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी, जिससे तंग आकर विवाहिता ने कोतवाली पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी प्रकार इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम कालापीपल मे एक विवाहिता के साथ प्रेम सिंह पिता सुखराम ने छेड़छाड़ कर जान से मारने की धमकी दी।
शादी में जाने का कहकर निकला था वृद्ध, कुएं में तैरता मिला शव
इधर, शादी में जाने की बात कहकर घर से निकले एक वृद्ध का कुएं में तैरता हुआ शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन ने शव को कुएं से बाहर निकला और पीएम के लिए सिविल अस्पताल आष्टा लेकर आए। पुलिस के अनुसार श्यामपुर मगरदा निवासी ज्ञान सिंह (६०) पिता जगत सिंह बारेला घर से एक दिन पहले शादी में जाने का कहकर निकला था। वह वापस नहीं लौटा। इसी दौरान उसके लड़के मांगीलाल को पता चला कि बाल सिंह के कुएं में किसी ग्रामीण का शव तैर रहा है। सूचना पर कुएं पर पहुंचे मांगीलाल ने कपड़ा देखते ही पहचान लिया कि तैरने वाला उसका पिता है। शव को कुएं से बाहर निकाला। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मामला कायम कर जांच में लिया है।