
CM Mohan Yadav : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने धार जिले के डही पहुंचेंगे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी इसमें शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ेंगे। डही में जनजातीय गौरव दिवस एवं माइक्रो सिंचाई परियोजना के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सीएम, राज्यपाल के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुबह से ही लोगों में कार्यक्रम को लेकर अपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। पंडाल का एक हिस्सा तो हॉस्टल के बच्चों से ही भर गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डही हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल जाएंगे। मंच पर सुबह 10 बजे राज्यपाल का अतिथियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डही सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण, करेंगे। यहां विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन सुबह 10:45 बजे से चालू होगा। वे 25 मिनट तक संबोधित, इसके बाद राज्यपाल मंगूभाई पटेल का उद्बोधन होगा। जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल होंगे। उनका संबोधन सुबह 11:40 बजे प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम में हितलाभ वितरण के साथ अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ गौरव दिवस कार्यक्रम का समापन होगा।
डही में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर 1:10 बजे हेलीकॉप्टर से अलीराजपुर जिले के जोबट के लिए रवाना होंगे। रनबायड़ा हेलीपैड पहुंचकर वे स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रभारी मंत्री और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई नेता उनके साथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम मोहन यादव की सुरक्षा को लेकर डही में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम को देखते हुए कई मार्गों से ट्राफिक डायवर्ट किया गया है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से आम जनता को बड़ी सौगात की आस है। सालों से विकास की बाट जोह रहा डही के 30 बिस्तर अस्पताल में डाक्टरों का टोटा है, डिजिटल एक्सरे-सोनोग्राफी का काम भी अधूरा है। डेढ़ लाख ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं का जिम्मा संभालने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डही में नियमित एवं विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। महिला चिकित्सक,डिजिटल एक्सरे और सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी वर्षों से होने का इंतजार कर रही हैं। मरीजों को छोटी-बड़ी जांच और बेहतर उपचार के लिए कुक्षी, बड़वानी, इंदौर, दाहोद (गुजरात) एवं अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता है। क्षेत्रवासियों को आशा है कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर डही की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान देंगे और क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिलेगी। डही क्षेत्र को तहसील मुख्यालय बने लगभग 17 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं में यह क्षेत्र बेहद पिछड़ा हुआ है। डेढ़ लाख से अधिक ग्रामीण आबादी आज भी उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य , रोजगार और औद्योगिक विकास जैसी मूलभूत सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठी है। इतने वर्षों में न तो डही में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना हो सकी और न ही छोटे- बड़े उद्योग लग पाए हैं।