भोपाल

Twisha Sharma Case: सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई

Twisha Sharma Death Case: सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर संज्ञान लिया है, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ में इस मामले की सुनवाई सोमवार 25 मई को होगी।
3 min read
May 23, 2026
Supreme Court on Twisha Sharma Case
Supreme Court on Twisha Sharma Case

twisha sharma case supreme court took suo motu: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा के केस पर संज्ञान लिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुनवाई करने का फैसला किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ में ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई 25 मई (सोमवार) को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले को 'एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत के मामले में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियागत विसंगतियां' शीर्षक के तहत लिस्ट किया है।

7 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी पति समर्थ

इधर भोपाल में शनिवार को ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पुलिस ने समर्थ सिंह की 7 दिन की रिमांड मांगी जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए आरोपी समर्थ को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ करेगी और उम्मीद है कि ट्विशा की मौत का सच सबके सामने आएगा। बता दें कि शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे आरोपी समर्थ सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और फिर वहां से भोपाल पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ भोपाल लेकर आई। शनिवार को कोर्ट में पेश करने से पहले आरोपी समर्थ का जेपी अस्पताल में मेडिकल कराया गया और फिर सीधे पुलिस उसे कोर्ट लेकर पहुंची।

छुपकर अंधेरे में कोर्ट रूम में बैठा था पति

इससे पहले शुक्रवार को आरोपी समर्थ सिंह जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने के लिए पहुंचा था हालांकि वहां कोर्ट ने उसे ये कहते हुए वापस लौटा दिया था कि भोपाल कोर्ट में या फिर जांच अधिकारी के सामने सरेंडर करे, इसके बाद पुलिस ने समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसी दौरान पीड़ित पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि रिटायर्ड जज के बेटे को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि 'जबलपुर के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के कोर्ट रूम के अंदर समर्थ सिंह अंधेरे में, सारी लाइटें बंद करके, मास्क पहनकर आराम से बैठा हुआ था। जज अपनी सीट पर नहीं थे। वहां तीन क्लर्क मौजूद थे। मैंने उनसे पूछा कि किस अधिकार से उन्होंने उसे वहां बिठा रखा है तो उनके पास मेरे सवाल का कोई जवाब नहीं था। जैसे ही समर्थ सिंह ने मुझे देखा, वह वहां से भाग गया। उसके वकीलों ने मुझे धक्का दिया… मुझे नहीं पता कि पुलिस वहां आई थी या नहीं।'

12 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Updated on:
27 May 2026 06:22 pm
Published on:
23 May 2026 10:31 pm