Twisha Sharma Death Case: बहुचर्चित टि्वशा शर्मा की मौत के मामले में समर्थ फरारी में मोबाइल बंद रखा ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके....
Twisha Sharma Case Live Updates: भोपाल शहर के बहुचर्चित टि्वशा शर्मा की मौत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे है। बीते दिन डेथ मिस्ट्री को सुलझाने के लिए 13 दिन बाद एम्स दिल्ली की 5 सदस्यीय टीम ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। रविवार को एम्स भोपाल में 3 घंटे तक पोस्टमार्टम करने के बाद ट्विशा के शव का परिजनों ने भदभदा घाट में अंतिम संस्कार कर दिया।
5 माह पहले दिसंबर में जिस खुशी के साथ परिवार ने बेटी की शादी पूर्व जिला जज गिरीबाला सिंह के एडवोकेट बेटे समर्थ के साथ की थी, उसे भाई मेजर हर्षित वर्मा ने बुझे मन से मुखाग्नि दी। हद यह है कि बहू की मौत के आरोपों से घिरीं सास गिरीबाला उसका आखिरी बार चेहरा देखने भी नहीं गईं। अब स्वतः संज्ञान लेकर सुप्रीम कोर्ट आज इस मामले की सुनवाई कर रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर जांच लगातार उलझती जा रही है। मुख्य आरोपी समर्थ सिंह से पूछताछ के बाद कई नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि घटना के बाद समर्थ करीब 10 दिन तक जबलपुर में छिपा रहा। इसकी पुष्टि कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने भी की है। समर्थ अभी पुलिस रिमांड पर है। इन दौरान पूरे समय समर्थ ने अपना मोबाइल भी बंद रखा, ताकि पुलिस लोकेशन ट्रेस न कर सके। हालांकि तकनीकी जांच में उसकी आखिरी मोबाइल लोकेशन भोपाल में ट्रेस हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
पुलिस की पूछताछ में समर्थ ने लोकेशन बदलने और लोगों से सीधे संपर्क से बचने की बात कबूल की है। जांच एजेंसियों को शक है कि उसे किसी न किसी स्तर पर मदद मिल रही थी। इसी वजह से पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जो 12 और 13 मई को उसके संपर्क में थे। अब पुलिस जांच में जुटी है कि फरारी के दौरान उसे किसने ठिकाना और मदद उपलब्ध कराई।
जिस बेटी को पांच माह पहले परिवार ने हंसी-खुशी शादी के बाद विदा किया था, उसी के शव का भदभदा विश्राम घाट में अंतिम संस्कार करना पड़ा। इस अथाह दुख से दबी जा रही ट्विशा की मां रेखा शर्मा, पिता नवनिधि शर्मा का मानो कलेजा फट पड़ा। भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी तो वे फफक पड़े। मां बेसुध हो गईं। परिजन ने उन्हें संभाला।
दिल्ली एम्स की फोरेंसिक टीम, एसआइटी, पुलिस अधिकारी कटारा हिल्स स्थित क्राइम सीन पूर्व जज गिरीबाला सिंह के घर भी पहुंचे। टीम ने ट्विशा के कमरे और घटनास्थल की जांच की। घर में गिरीबाला, उनका बड़ा बेटा सिद्धार्थ, वकील व घरेलू कर्मचारी भी मौजूद थे।
इंदौर में समर्थ के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा ने मीडिया से चर्चा में निष्पक्ष जांच की मांग की। बोले-सीबीआइ व कोर्ट के नोटिस का जवाब दे रहे हैं। उन्होंने मायके पक्ष के आरोपों के जवाब दिए। बोले-सीसीटीवी देख हम भी स्तब्ध हैं। आधा घंटा पहले तक ट्विशा हॉल में टीवी देख र थीं। आधे घंटे में ऐसा क्या हुआ? मायके वालों ने आरोप लगाया कि ट्विशा के गले पर दो निशान हैं। फंदे को तुरंत पुलिस ने जब्त कर डॉक्टर को नहीं सौंपा.. इस सवाल पर शर्मा ने कहा, डबल निशान हैंडिंग के कारण हुए। आपस में ओवरलैप कर रहे हैं। एमएलसी रिपोर्ट में साफ होगा। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया, समर्थ से पूछताछ भी जारी है।