Underwater Aquarium वनविहार से लगते बड़े तालाब के हिस्से में अंडर वॉटर एक्वेरियम बनाया जाएगा
भोपाल. जीव—जंतुओं को नजदीक से भला कौन नहीं देखना चाहता. खासतौर पर जलीय जीव—जंतुओं मछलियों, आदि को देखने के लिए हर कोई लालायित रहता है. लोगों की यह इच्छा जल्द ही पूरी होने जा रही है.मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शीघ्र ही एक इंटरनेशनल लेबल का अंडर वॉटर एक्वेरियम बनाया जाएगा। खास बात यह है कि प्रदेश के सीएम शिवराजसिंह चौहान के निर्देश पर यह प्रस्ताव बनाया गया है.
वन विहार में वन्य जीवों को देखने पहुंचने वाले पर्यटक कुछ समय बाद जलीय जीवन को भी निहार सकेंगे। इसके लिए वन विहार से लगते बड़े तालाब के हिस्से में एक अंडर वॉटर एक्वेरियम बनाया जाएगा। इसमें पर्यटक पानी के नीचे जाकर जलीय जीवन को देख सकेंगे। इसके लिए कार्ययोजना बना ली गई है और सरकार की स्वीकृति के लिए भी भेजी जा चुकी है.
वन विहार को विश्वस्तरीय जू बनाने के लिए वन विहार प्रबंधन ने 29 बिंदुओं की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है। वन विहार के विस्तार और आधुनिकीकरण में पर्यटकों द्वारा सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले टाइगर ट्रेल का विकास भी शामिल है। इसके तहत बाड़े को आधुनिक बनाया जाएगा। बाघ को पानी पसंद है, इसलिए पानी का इंतजाम होगा, जिससे बाघ को अधिक गतिविधियां करने को मिलेंगी।
इसके साथ ही वनविहार में बाघ के बैठने की जगह को भी इस तरह विकसित किया जाएगा जिससे उसकी हर गतिविधियां पर्यटकों को स्पष्ट नजर आएंगी। वनविहार में पर्यटकों की सुविधा के लिए कई अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं. यहां पर पर्यटकों की गतिविधियों को बढ़ाते हुए उन्हें वन विहार की पहाड़ी की चोटी तक वॉक के लिए क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
इस संबंध में वन विहार के डिप्टी डायरेक्टर एके जैन बताते हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में सपरिवार वन विहार का भ्रमण किया था। तब उन्होंने वन विहार को राष्ट्रीय स्तर के जू के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद वन विहार प्रबंधन ने 29 बिंदुओं का प्रस्ताव बनाकर उच्च स्तर पर भेजा है। इसके आधार पर वनविहार को विकसित किया जाएगा।