गर्व जताते हुए कहा— अन्य खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बन गए हैं विवेक
भोपाल. टोक्यो ओलिंपिक में ब्रांज मेडल विजेता इंडियन हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर गुरुवार सुबह भोपाल आए। राजा भोज एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। एयरपोर्ट से बाहर आते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयर पोर्ट पर ढोलों की आवाज गूंज उठी, उनपर पुष्पवर्षा की गई और उत्साहित फैंस ने उन्हें कांधों पर उठा लिया।
विवेक के पिता रोहित प्रसाद, मां कमला प्रसाद, बहन पूजा और भाई विद्यासागर भी भोपाल आ गए थे। विवेक का स्वागत करने खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी एयरपोर्ट आई। इस अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग के संचालक पवन जैन, संयुक्त संचालक डॉ विनोद प्रधान और बीएस यादव, साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित सहित अनेक खेल अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे।
एयर पोर्ट पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया तो उस वक्त भावुक हो उठी जब विवेक सागर ने टोक्यो ओलिंपिक में मिला ब्रांज मेडल उनके हाथ में सौंपा। खेल मंत्री ने ओलिंपिक मैडल को पहले अपने मस्तक से लगाया और फिर ब्रांज मैडल विवेक के गले में पहना दिया। उस वक्त उनकी आंखें खुशी से नम हो गईं। आंखों से आंसू छलक उठे। खेल मंत्री ने दो—तीन बार अपने आंसू पोंछे।
यहां विवेक सागर से पूछा गया कि क्या अगली बार स्वर्ण पदक लाएंगे, तो विवेक सागर ने तपाक से कहा— जी हां, मैं मैडल का कलर चेंज करना चाहूंगा। इस बात पर खेल मंत्री ने खुशी व्यक्त की और तालियां बजाकर विवेक की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब शुरुआत तो हो गई। विवेक ने आसमान छू लिया। वे दूसरे खिलाडियों के लिए रोल मॉडल बन गए हैं। विवेक सागर ने यह साबित कर दिखाया है कि मध्यप्रदेश भी ओलिंपिक मैडल जीत सकता है।
एयरपोर्ट से विवेक सागर होटल रवाना हो गए। ओलिंपिक ब्रांज मेडल जीतने पर विवेक सागर का आज प्रदेश सरकार सम्मान करेगी। इसके लिए आज मिंटो हॉल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विवेक सागर को सम्मानित करेंगे।