
भोपाल। टोक्यो ओलिंपिक में ब्रांज मेडल जीतनेवाली इंडियन हॉकी टीम के मिडफील्डर विवेक सागर भोपाल लौट आए. गुरुवार सुबह भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर उनके आते ही पफैंस उत्साहित हो उठे. वहां बडी संख्या में उपस्थित लोगों ने विवेक का जबर्दस्त स्वागत किया। विवेक का स्वागत करने खुद खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी यहां उपस्थित थीं।
खेल अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने विवेक का आत्मीय स्वागत किया। विवेक इंडियन हॉकी टीम के मध्यप्रदेश से एकमात्र सदस्य थे. जैसे ही दिल्ली से आनेवाली एयर इंडिया की नियमित उड़ान सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंची,उनकी अगवानी के लिए मौजूद लोग उन्हें देखने के लिए अधीर हो उठे. विवेक के पिता रोहित प्रसाद, मां कमला प्रसाद, भाई विद्यासागर और बहन पूजा भी सुबह भोपाल आ गए थे।
एयरपोर्ट पर विवेक का स्वागत करने पहुंचे लोगों ने उनपर से फूल बरसाए. ढोलों की थाप के बीच नाचते हुए उनका अभिनंदन किया था। फैंस ने विवेक को अपने कांधों पर उठाकर उठा लिया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी विवेक का स्वागत किया और उनपर गर्व जताया। खेल विभाग के डायरेक्टर पवन जैन, जॉइंट डायरेक्टर विनोद प्रधान एवं बीएस यादव, साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित आदि ने विवेक का स्वागत किया।
स्वागत से विवेक अभिभूत हो गए. उन्होंने बताया कि ओलिंपिक में शामिल होना ही अलग अनुभव रहता है, पदक जीतना तो बेहद खास पल है। ओलिंपिक पदक जीतने के बाद देशभर से बधाई मिल रही हैं। हमें इस पर गर्व भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगले ओलिंपिक में हाकी में भारत स्वर्ण पदक जीते, उनका लक्ष्य यही है।