प्रदेश में बारिश की गतिविधियां शुरू, इस दिन से होगी अच्छी बारिश...
भोपाल। अगले कुछ दिनों में एक बार फिर बादलों को रुख मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की ओर होने जा रहा है। जिसके चलते आगामी दो दिनों तक कुछ जगहों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
वहीं मौसम के जानकारों की माने तो यदि आप झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं तो आपको अभी करीब दस दिन का और इंतजार करना होगा। यानि करीब अगले बुधवार मतलब करीब 15 अगस्त से एक बार फिर राजधानी में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं मध्यप्रदेश के कई जिलों में बुधवार(08/08/2018) से झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी।
इस पर निर्भर...
मौसम विभाग से रिटायर्ड हुए एके शर्मा के अनुसार प्रदेश में दो दिन पहले से कई स्थानों पर मानसून सक्रिय हो चुका है। प्रदेश में अच्छी बारिश को लेकर एके शर्मा का कहना है ये तभी संभव होगा जब द्रोणिका और चक्रवात एक साथ एक दिशा में गति करेंगे। जबकि अभी ये द्रोणिका पंजाब, दिल्ली, उत्तर-प्रदेश और बिहार से होकर गुजर रही है। जिसकी ऊंचाई भी काफी है।
बारिश का अनुमान...
वहीं मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 7.6 किमी पर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। जिसके चलते अगले 24 घंटे में लो प्रेशर एरिया बनने के बाद यह डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा, जिससे अच्छी बारिश का अनुमान है।
तापमान की ये रही स्थिति...
सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 29.5डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान के बराबर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह के समय आद्र्रता 82 तो शाम को 65 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी में एक जून से लेकर 05 अगस्त तक 466.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 531.1 मिमी है। यह सामान्य बारिश से 12 प्रतिशत कम है।
ये रहेगा आगामी दिनों का मौसम...
जानकारों का कहना है कि बारिश के बाद अचानक गायब हुए बादल अब फिर वापस आ रह हैं। ऐसे में अगले दो दिन बारिश के हो सकते हैं। जबकि इसके बाद फिर बारिश के गायब होने की संभावना है।
वहीं यदि आप भी तेज व जोरदार बारिश की बात की जाए तो जानकार इसके लिए करीब एक सप्ताह से 10 दिन का और इंतजार बता रहे हैं।
- 07अगस्त2018 यानि मंगलवार को आसमान में हल्के बाद रहेंगे, लेकिन कुल मिलाकर आसमान साफ रहेगा। वहीं इस दिन तापमान न्यूनतम 24.0 व अधिकतम 29.0 डिग्री रहने की संभावना है।
- 08अगस्त2018 यानि बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, वहीं इस दिन बारिश या तूफान या धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है।
- 09अगस्त2018 यानि गुरुवार को बारिश या बौछार या धूल भरी आंधी की प्रबल संभावना है। वहीं इस दिन तापमान न्यूनतम 23.0 व अधिकतम 28.0 डिग्री के आसपास रहेगा।
- 10अगस्त 2018 यानि शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। वहीं इस दिन भी तापमान न्यूनतम 23.0 व अधिकतम 28.0 डिग्री के आसपास रहेगा।
- 11अगस्त 2018 यानि शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री की वृद्धि के साथ 24.0 तक पहुंच सकता है।
- वहीं 12 व 13 अगस्त यानि रविवार व सोमवार को आसमान साफ रहने की आशा है। लेकिन इस दौरान एक बार फिर पारे में बदलाव आएगा और अधिकतम तापमान इन दिनों 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।