पश्चिमी विक्षोभ के कारण बन सकती है बौछार और बूंदाबांदी की उम्मीद, दिन का पारा चढ़ा, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 24 घंटे में प्रदेश में बारिश के आसार
Weather News: राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ ही सर्दी कम हो गई और तापमान बढऩे से धूप की चुभन भी महसूस होने लगी है।
भोपाल. मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। ऐसे में प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण दो दिन बाद प्रदेश में कुछ स्थानों पर 8 और 9 मार्च को हल्की बारिश और बूंदाबादी भी हो सकती है। इधर, मौसम के बिगड़ते मिजाज से किसान चिंतित हैं। राज्य के कई इलाकों में फसलें 70 फीसदी तक पक चुकी हैं। ऐसे में यदि बारिश हुई तो दाने की चमक चली जाएगी।
प्रदेश में सबसे गर्म रहा खरगोन
शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म खरगोन रहा। यहां अधिकतम पारा सबसे ज्यादा 36 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच रहा। खंडवा का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, राजगढ़ का 33.4 डिग्री, भोपाल का 30.5, इंदौर का 29.6, जबलपुर का 29.6 और ग्वालियर का 29.6 दर्ज किया गया।
क्या है कारण
मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया, अभी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर के कारण राजस्थान में एक चक्रवात बन सकता है। इसी तरह एक और पश्चिमी विक्षोभ 8 मार्च को आने की संभावना है। इसके कारण 7 मार्च को बादल छा सकते हैं। 8 और 9 मार्च को पश्चिमी मप्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं।
आगे क्या?
अगले 24 घंटे में छिंदवाडा़, सिवनी, बालाघाट, बैतूल आदि स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया, अभी तापमान ऐसा ही रहेगा। मामूली उतार चढ़ाव जारी रहेगा।