कोहेफिजा थाना क्षेत्र की घटना: लो फ्लोर बस से उतरते ही हुआ हादसा, देर शाम हुई शिनाख्त
भोपाल. कोहेफिजा थाना इलाके में गुरुवार दोपहर बस की चपेट में आने के चलते एक युवक की मौत हो गई। युवक लो फ्लोर बस से उतरकर सड़क पार कर रहा था तभी इंदौर जा रही एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। पुलिस काफी मशक्कत के बाद युवक की शिनाख्त कर सकी। पुलिस ने शव मरचुरी में रखवा दिया है। युवक को टक्कर मारने वाली बस को देर रात तक जब्त नहीं किया जा सका था, पुलिस का कहना है कि टक्कर किस बस से लगी इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि, रायसेन जिले के गैरतगंज का निवासी विक्रम राय (30) पुत्र संतोष राय, भोपाल में बैंक कॉलोनी जहांगीराबाद में रहता था। विक्रम गुरुवार दोपहर काम से कलेक्ट्रेट की ओर जा रहा था। वह लो फ्लार बस से कोहेफिजा बस स्टॉप पर उतरा। उरने के बाद जैसे ही सड़क पार करने लगा पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। उसे राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद कुछ समय तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी बाद में पुलिस ने उसके पास मिल दस्तावेजों की मदद से परिजनों से सम्पर्क किया। देर शाम भोपाल पहुंच परिजनों ने विशन की शिनाख्त की।
शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।