
MP Police: सिंगरौली में सामने आए मामले के बाद, phq ने लिया एक्शन (cartoon image:AI)
MP Police: पुलिस विभाग में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। परीक्षा में फेल होने के बाद भी पुलिस वालों पर विभाग ने कृपा बरसा दी। प्रमोशन मिला, हर साल वेतन वृद्धि भी दी। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरबा थाने में ऐसा मामला सामने आया, तब सरकार ने संज्ञान लिया। अब पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) से ऐसे सब- इंस्पेक्टरों की सूची तलब की, जिन्हें एसआइ ट्रेनिंग परीक्षा में फेल होने के बावजूद थानेदार बनाया गया। सूत्र बताते हैं कि अब तक ऐसे 41 एसआइ चिह्नित किए गए हैं।
सूत्र बताते हैं कि ऐसे थानेदारों से थाना और फील्ड की पोस्टिंग ले ली जाएगी। उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस (MP Police) अकादमी भौंरी भेजा जाएगा। जिस विषय में वे फेल हुए, उसकी दोबारा ट्रेनिंग दी जाएगी। बाद में उस विषय की पूरक परीक्षा में उन्हें शामिल होना पड़ेगा। पास होने के बाद उन्हें वापस मैदान में भेज जाएगा। पीएचक्यू के सूत्रों के अनुसार, इन थानेदारों को पूरक परीक्षा देने के लिए बार-बार रिमाइंडर भेजा गया। लेकिन कोई परीक्षा देने नहीं आया।
मामले की शुरुआत सिंगरौली के मोरबा थाने में पदस्थ थानेदार कपूर त्रिपाठी से हुई। तबादला पीएचक्यू ने 26 मार्च को भौंरी किया। कपूर 2021 में एसआइ से कार्यवाहक इंस्पेक्टर बने थे। उन पर एसआइ ट्रेनिंग परीक्षा में नकल करते पकड़ाने का आरोप लगा। वे इंटरनल- एक्सटर्नल परीक्षा में फेल हो गए। कपूर ने हाईकोर्ट में तबादला आदेश को चुनौती दी। कोर्ट ने याचिका रद्द कर तबादले को जायज बताया। इसके बाद शासन ने पीएचक्यू से ऐसे थानेदारों की सूची मांगी।
Updated on:
27 Apr 2026 10:16 am
Published on:
27 Apr 2026 10:16 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
