पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है...
(भुवनेश्वर): प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसे लोगों की जान लील रहे है। इन सड़क हादसों में जहां लोग अपनी जान गंवा देते है वहीं परिवार भी तबाह हो जाता है। ऐसा ही एक मामला राज्य के नुआपाड़ा जिले से सामने आया है जहां एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार महिलओं समेत दस तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाड़ी के उड़ गए परखच्चे,फंसे रहे शव
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर शाम हुआ। नुआपाड़ा जिले में एनएच 35 पर सिलादा चौके के पास सवारियों से भरी एसयूवी गाड़ी और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में दस लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि भीडंत के बाद सवारियों से भरी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए साथ ही वह थोड़ी दूर तक ट्रक के साथ ही घिसटती चली गई। सवारियों के शव गाड़ी में बूरी तरह से फंस गए थे। घबराए लोगों ने तुरंत पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवानों ने मिलकर शवों को निकाला।
नवरात्रि में माता के दर्शन कर लौट रहे थे
पुलिस ने नुआपाडा जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए सभी शवों को भिजवा दिया। बताते हैं कि ये सभी मृतक छत्तीसगढ़ प्रदेश के पीथोरा के रहने वाले थे। नवरात्र के दौरान ये लोग कोमना नामक स्थान पर वैष्णदेवी मंदिर दर्शन को गए थे। इनमें से कुछ भजन गायक भी बताए जाते हैं। पुलिस के अनुसार ड्राइवर के नींद में होने के कारण दुर्घटना हो सकती है। ट्रक और एसयूवी गाड़ी आमने-सामने टकरा गईं।