भुवनेश्वर

केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद को ओडिशा के दमकल जवान विशेष विमान से रवाना

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पांच करोड़ रुपये का चेक केरल सरकार को भेजते हुए लिखा है कि उनका राज्य हर संभव मदद को तैयार है...
2 min read
odisha
odisha

(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए ओडिशा सरकार ने न केवल खजाना खोल दिया है बल्कि राहत और बचाव कार्य के लिए सुरक्षा दल भी भेजा है। फायर ब्रिगेड और ओड्राफ के जवानों के दल को रवाना किया गया है। ओ़डिशा के 130 श्रमिक केरल की बाढ़ में फंसे हैं। इन श्रमिकों ने वीडियो बनाकर भेजा है जिसमें उनके बाढ़ में फंसे होने का प्रमाण मौजूद है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पांच करोड़ रुपये का चेक केरल सरकार को भेजते हुए लिखा है कि उनका राज्य हर संभव मदद को तैयार है। इसके अलावा सुरक्षा उपकरणों से लैस 240 जवानों की टीम 75 पॉवर बोट के साथ केरल रवाना किया गया है। यह टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में सहायता करेगी।

बाढ पीड़ितों की सहायता करते दमकल कर्मी IMAGE CREDIT: पत्रिका ब्यूरो

फायर सर्विस के महानिदेशक बीके शर्मा ने झंडी दिखाकर दमकल जवानों की टीम को रवाना किया है। इन जवानों को विशेष विमान से केरल को रवाना किया गया है। राज्य सरकार ने दो हेल्पलाइन 1070 (टोलफ्री) तथा 0647-2534177 विशेष राहत आयुक्त के दफ्तर में शुरू की है। ओडिशा के लोग इन हेल्प लाइनों का उपयोग कर सकेंगे। राहत टीम नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट टीम से समन्वय बनाकर काम करेगी।

उन्होंने कहा कि फायर सर्विस के जवानों ने समुद्री तूफान हुदहुद में आंध्र की तबाही के दौरान रेस्क्यू आपरेशन चलाया था। इसके अलावा एक सहायक श्रमायुक्त के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम को ओडिया लोगों की मदद के लिए रवाना किया गया है। श्रम मंत्री सुशांत सिह ने बताया कि यह टीम कोच्चि, त्रिवेंद्रम में फंसे लोगों को लाएगी।


केरल में बारिश और बाढ़ से अब तक 324 लोगों की मौत हो चुकी है। वहां के 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी है। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है। आठ अगस्त से केरल में कहरकाट बारिश हो रही है। 2.40 लाख लोगों को 1558 कैंपों में ठहराया गया है। अभी भी हजारों लोग फंसे हैं। हालांकि अब बारिश थोड़ा थमी है। इदुककी जिले के बांध का भी जलस्तर घटा है। अब तक आठ हजार करोड़ की क्षति का आंकलन किया गया है।

Published on:
18 Aug 2018 04:49 pm