
महेश शर्मा की रिपोर्ट...
(भुवनेश्वर): पुलिस ने नकली नोट छापने और उन्हें चलन में लाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इनके पास से 4.65 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। ब्रह्मपुर सिटी के नुआपाडा बाजारसाही में गिरोह के लोगों को पुलिस ने धर दबोचा। ब्रह्मपुर नुआपाडाबाजार साही में इनका छापाखाना भी मिला है।
बड़े गिरोह से हो सकते है इन आरोपियों के संबंध
पुलिस के अनुसार नकली नोट छापने व चलन में लाने के लिए इस गिरोह के रामेश्वर महराना (43) (गंजम), के.रमेश (56) (ब्रह्मपुर), प्रणाम भुई (22) (खोरदा), दिलीप भुई (19) (खोरदा) व शरत साहू (32) (खोरदा) को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। इनके लिंक अंतरराज्यीय गिरोहों से बताए जाते हैं। पुलिस का कहना है कि इनसे पूछताछ के आधार पर बड़े गिरोह का भी भंडाफोड़ हो सकता है।
यह सब हुआ बरामद
पुलिस ने यह भी बताया कि शरत, दिलीप और प्रणाम मथुरा बाजार में नकली नोटों को बदल रहे थे। इसी बीच पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। यह घटना टॉमांडो पुलिस थाना क्षेत्र की है। क्विक एक्शन टीम की निशानदेही पर कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास 2,000, 500 व 100 रुपए के नोट सीज किए। कड़ी पूछताछ के बाद नकली नोट छापने की मशीन ब्रह्मपुर में होने का पता चला। पुलिस ने छापा मारकर मशीन, 50 रुपए से लेकर 2,000 तक के लाखों के नकली नोट, कलर प्रिंटर, रबर स्टैंप, 22 पेपर कटर, 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस आयुक्त वाईबी खुरानिया ने कहा कि नकली नोट चलाने वाले गिरोह की जड़े गहरी और फैली हुई हैं जिनका पता लगाना होगा। इन आरोपियों की गिरफ्तारी से कुछ न सबूत हाथ लगेंगे। खुरानिया का कहना है कि इन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद राज्य में अन्य कहीं पर नकली नोट चलाने और ऐसी ही गिरोह के सक्रिय होने की बात पर से भी पर्दा उठ सकता है।