
महेश शर्मा की रिपोर्ट...
(भुवनेश्वर): बहुप्रतीक्षित मलकानगिरि का गुरुप्रिया पुल का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 18 जुलाई को पुल का लोकार्पण करेंगे। पुल पर आवाजाही होने से माओ प्रभावित कटआफ एरिया चित्रकोंडा ब्लाक और उसकी नौ ग्राम पंचायतों को माओवादियों की शरणस्थली बनने से रोका जा सकता है। इन पंचायतों के 154 गांवों की 35 हजार आबादी बाकी क्षेत्र से जुड़ जाएगी। पुल का निर्माण रोकने की माओवादियों की पूरी कोशिश रही। चित्रकोंडा एमएलए डमरू सिसा का कहना है कि सारा काम पूरा हो चुका है अब इसका लोकार्पण 18 जुलाई को होना है।
सीसीटीवी कैमरे लगाए
राज्य सरकार ने इस पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं ताकि माओवादियों के खात्मे के अभियान में जुटे सुरक्षा बलों को मॉनीटरिंग में सुविधा हो सके। बीएसएफ एडीजी अरुण कुमार ने कहा था कि गुरुप्रिया पुल शुरू होते ही माओवादियों के ठिकाने खत्म कर दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि 900 मीटर लंबे इस पुल का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जेबी पटनायक ने 1982 में किया था और निर्माण 2014 से शुरू हुआ। लोकार्पण नवीन पटनायक के हाथों 18 जुलाई को होगा।
कई बार टला लोकार्पण
गुरुप्रिया पुल के निर्माण में विलंब पर विभागीय इंजीनियर ने बताया कि पहले सितंबर 2017 डेड लाइन तय की गई थी। बाद में यह नवंबर 2017 तक बढ़ा दी गई। फिर फरवरी 2018 तक डेड लाइन बढ़ाई गई। इसके बाद मार्च 2018 और अब अप्रैल 2018 तक डेड लाइन निर्धारित की गई। अंतिम बार 18 जुलाई को लोकार्पण का निर्णय लिया गया।
विलंब की वजह
2014 से इस पुल का निमार्ण कार्य शुरू हो गया था। इतना समय लगने के बाद भी पुल पूरी तरह से नहीं बन पाया और यातायात शुरू नहीं हो पाया इसके मुख्य कारण यह बताएं जाते है कि इस पुल की डिजाइन में बार-बार फेरबदल किया जाता रहा है जिसके कारण एक दिशा मेें काम नहीें हो सका। अंत में प्रस्तावित डिजाइन पर काम कर जब पुल का काम शुरू किया गया तो भारी बारिश के कारण कई बार पुल का निमार्ण कार्य रोकना पड़ा। इसी के साथ बार-बार माओवादियों द्धारा इस पुल को ध्वस्त कर दिया जाता रहा। जिससे नए सिरे से काम को शुरू करना पडता। पुल का निमार्ण करने के दौरान माओवादियों की ओर से हर बार काम रोकने को दबाव बनाया गया जिस वजह से काम करने में काफी मुश्किल हुई। सभी परेशानियों के बाद पुल बनकर तैयार हो गया है और लोकार्पण के बाद इस पर यातायात शुरू हो जाएगा।