
Jual Oram on Rahul : केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने इंदौर में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उन पर निशाना साधा। ओराम ने कार्यक्रम को 'शर्मनाक' और 'निंदनीय' बताया। उन्होंने कहा कि देश में शांति और सद्भाव का माहौल है तथा युवा, किसान और गरीब वर्ग आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन विपक्ष देश की प्रगति को अलग नजरिए से देखता है।
ओराम ने कहा कि देश में शांति और सद्भाव है। युवा, किसान और गरीब सभी आगे बढ़ रहे हैं। जो लोग मानसून की हरियाली पर ही ध्यान लगाए रहते हैं, उन्हें हर तरफ सिर्फ हरियाली ही नजर आती है। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। यह निंदनीय कृत्य है। उनकी यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के एक दिन बाद आई है। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से संवाद किया था। इस दौरान मंच पर एक युवक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए भी देखा गया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान होता है और इंदौर में भी ऐसा ही होगा। साय ने कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन का हवाला देते हुए राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सवाल उठाए। वहीं, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में अब जनता की भागीदारी कम हो गई है और इसी वजह से कांग्रेस को कलाकारों और कॉमेडियन को मंच पर बुलाना पड़ रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के चुनावी रिकॉर्ड को लेकर भी टिप्पणी की।
बता दें कि इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। कार्यक्रम के लिए पुलिस ने सुरक्षा से जुड़ी 31 शर्तें लगाई थीं। इनमें 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बनी जस्टिस जेएस वर्मा आयोग की रिपोर्ट का भी संदर्भ दिया गया था।