बिजनोर

बड़ी खबर: सपा के बड़े नेता के भतीजे को सरेआम मारी गोली, हालत गंभीर

सपा नेता के भतीजे को सरेआम गोली मार दी गई।
2 min read
Feb 08, 2018
criminal shoot sp leader nephew

बिजनौर। सूबे की योगी सरकार प्रदेश में अपराध पर लगाम लगाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। आलम यह है कि आए दिन कहीं न कहीं एनकाउंटर हो रहे हैं। इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद है। इतना ही नहीं पहले आम आदमियों पर हमले हो रहे थे। लेकिन, अब नेताओं के परिवार भी सुरक्षित नहीं है। ताजा मामला है बिजनौर के नगीना क्षेत्र का, जहां सपा के एक वरिष्ठ नेता के भतीजे को सरेआम गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह है पूरा मामला...

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बिजनौर के नगीना थानाक्षेत्र के मोहल्ला लुहारी सराय का है। जहां ताहिर अंसारी के पुत्र आमिर की शाहजहीर में पैथोलॉजी लैब है। आमिर सपा के वरिष्ठ नेता यामीन अंसारी उर्फ मिन्ना का भतीजा है। बुधवार की शाम करीब 4 बजे के आस-पास आमिर अपने भाई आदिल और दोस्त अरबाज व शाहनवाज के साथ लुहारी सराय के बाजार से गुजर रहा था। लुहारी सराय में अपनी दुकान पर छिप्पीपाड़ा निवासी अफजल अंसारी का पुत्र उवैस अपने दो दोस्तों के साथ बैठा था। बाजार के दुकानदारों के मुताबिक, उवैस की आमिर के साथ कहासुनी हुई। जिसके बाद दोनों गुटों में झगड़ा होने लगा। आमिर पक्ष के युवकों का आरोप है कि उवैस ने तमंचे से आमिर पर फायरिंग कर दी। जिसमें गोली सीधे आमिर की पेट में लगी। गोली लगने के बाद वो बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी उवैस पुत्र अफजल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, उसके दो साथी अब भी फरार हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि उवैस व आमिर के बीच कई दिनों से आपसी मनमुटाव चल रही थी।

देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=9oV0bvFK2Jo

देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=LHk8sxmBODw

Updated on:
08 Feb 2018 03:35 pm
Published on:
08 Feb 2018 03:28 pm