
बिजनौर। उपचुनाव को लेकर बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र में एक अवैध असलहे बनाने की फैक्ट्री का शुक्रवार को पुलिस ने भंडा फोड़ किया। पुलिस ने इस गिरोह का खुलासा करते हुए फैक्ट्री में हथियार बनाने वाले 3 लोगों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से कई असलहे और अधबने तमंचे बरामद किये। इनके पास से तमंचे और कारतूस बनाने वाले अन्य उपकरण भी पुलिस ने बरामद किये।
दरअसल एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अवैध हथियार बनाकर उनकी तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह को पकड़ा। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बढ़ापुर थाना क्षेत्र के जंगल में ग्राम हरवंशवाला में एक आटा चक्की के कमरे में अवैध हथियार बनाने का काला कारोबार चल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रात में छापामारी कर 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 2 बंदूक, 12 बोर के 2 तमंचे, 315 बोर के अधबने तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने वाली मशीन और अन्य उपकरण बरामद हुये। आपको बता दें कि बिजनौर जिले के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में 28 मई को उपचुनाव होने वाला है। इसकी मतगणना 31 मई को होगी। इसको लेकर राजनीतिक सरगर्मियां पूरे जोरों पर हैं।
गुरुवार को ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के नूरपुर स्थित खालसा इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी अवनी लोकेंद्र चौहान के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस उपचुनाव में भी इन हथियारों की सप्लाई होनी थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों अजरुद्दीन, तासीम और सुरेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी धामपुर के रहने वाले हैं।