अमीनाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से शख्स की हो गई मौत
बिजनौर. स्योहारा थाना क्षेत्र में बिजली गिर जाने से गन्ना के खेत मे गुड़ाई कर रहे एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत के बाद में परिजनों में कोहराम मच गया है। अमीनाबाद का 27 वर्षीय युवक खेत में काम कर रहाा था। इसके अलावा अन्य ग्रामीण भी अपने—अपने खेतों में गुड़ाई का कार्य कर रहे थे। अचानक से मौसम खराब हो गया और बारिश होने लगी। उसी दौरान युवक के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे उसकी मौके पर ही झुलस कर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीणों की मौके पर भीड़ इक्टठा हो गई।
अतुल सैनी 27 वर्ष पुत्र गोविंद सिंह गन्ना के खेत में गुड़ाई कर रहा था। ग्राम प्रधान ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि तीन घटें में तीन बार सम्बंधित अधिकारियों को सुचना दी गई, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसी भी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में तीव्र रोष व्याप्त है। मृतक अतुल की शादी 7 वर्ष पूर्व गांव जमना बसेड़ा थाना नूरपुर में हुई थी। मृतक अपने पीछे पत्नी और 3 बच्चे छोड़ गया है। जिनका अब कोई सहारा नही बचा। मृतक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक मज़दूरी करके परिवार का लालन पोषण करता था।
परिवार के कमाने वाले की मौत हो जाने से परिवार के सामने खाने के लाले पड़ते नज़र आ रहे हैं।
मौके पर पहुंचे ग्रामीण और ग्रामप्रधान ओमप्रकाश सिंह मृतक के शव घर लेकर आए। ग्रामीणों ने प्राकृतिक आपदा से हुई मौत के बाद में प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। ताकि जिंदगी की गुजर बसर हो सके।