
बिजनौर। मौसम में ठंड बढ़ने के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों की वर्दी में बदलाव होने जा रहा है। पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में शीतकालीन वर्दी लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत 27 अक्टूबर से रात की ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी खाकी वर्दी के साथ गर्म कपड़े पहन सकेंगे। वहीं 1 नवंबर से दिन और रात, दोनों समय शीतकालीन वर्दी लागू हो जाएगी।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि निर्धारित तिथियों से व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
आदेश के अनुपालन में बिजनौर के पुलिस अधीक्षक ने भी अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शीतकालीन वर्दी संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि सभी संबंधित पुलिसकर्मियों तक आदेश की जानकारी पहुंचाई जाए।