
राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग में 12 हजार 600 पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से राजस्थान लोक सेवा आयोग को भर्ती की अभिस्तावना भेजने की तैयारी चल रही है। निदेशालय से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के सरकारी विद्यालयों में प्रधानाध्यपकों के 1200 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसी तरह व्याख्याता के 5 हजार, पीटीआई तृतीय श्रेणी के 4 हजार 500, प्रयोगशाला सहायक के 1200 तथा पुस्तकालयाध्यक्षों के 700 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। निदेशालय इसी महीने राजस्थान लोक सेवा आयोग को इन पदों की भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजेगा। आयोग की ओर से इन स्वीकृत पदों की चयनित सूची मिलने पर भर्ती की कार्रवाई की जाएगी।
61 विद्यालयों में खुलेंगे नए संकाय
राज्य सरकार ने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों में नए संकाय खोलने के आदेश जारी किए हैं। राज्य के कुल 61 विद्यालयों में विज्ञान या अन्य नवीन संकाय खोले जाएंगे।
गुजरात के वेटरनरी विद्यार्थियों ने किया राजुवास का भ्रमण
गुजरात में आनंद कृषि विश्वविद्यालय के वेटरनरी कॉलेज में स्नातक इन्टर्नशिप के 55 छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण पर मंगलवार को यहां वेटरनरी विश्वविद्यालय पहुंचा। दल के 41 छात्र और 14 छात्राओं ने राजुवास के मेडिसिन, गायनी, सर्जरी विभाग और क्लिनिक्स मेंं अत्याधुनिक पशुचिकित्सा व उपचार सेवाओं की जानकारी ली।
दल के प्रभारी प्रो. एमटी पंचाल ने बताया कि दल ने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, सीटी स्केन मशीन, डिजिटल इमेजिंग सहित विभिन्न पशुओं के बने शल्य चिकित्सा कक्षों में उपचार सेवाओं को देखा। विद्यार्थियों ने राजुवास में पशुओं के रक्त बैंक, प्रयोगशालाएं, पोल्ट्री फार्म में एमू, बतख, मुर्गी, मछली पालन सहित उष्ट्र और मुर्रा भैंस की नस्लों को देखा।
कार्यों से करवाया अवगत
प्रसार शिक्षा के सहायक प्राध्यापक डॉ. अतुल शंकर अरोड़ा ने राज्य के देशी गोवंश की विभिन्न नस्लों और उनकी उत्पादक क्षमता व संवद्र्धन कार्यों से अवगत करवाया। दल में सहायक प्रभारी डॉ. केए सादरिया भी मौजूद थे।