बीकानेर

12 लाख विद्यार्थियों को मिलेगी रोजगारपरक शिक्षा

bikaner news - 12 lakh students will get employment education.

2 min read
12 लाख विद्यार्थियों को मिलेगी रोजगारपरक शिक्षा

क्षमता विकास के लिए फ्री मूक कॉर्सेज मिलेंगे
बीकानेर.
राजस्थान के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में पढ़ रहे करीब बारह लाख विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें क्षमता विकास, रोजगारपरक, अतिरिक्त कौशल एवं ज्ञान संवद्र्धन शिक्षा मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए कॉलेज शिक्षा विभाग राजस्थान ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, ट्रिपल आईटी कोटा के साथ एक एमओयू हस्ताक्षरित किया है।

ट्रिपल आईटी द्वारा राजस्थान के इन विद्यार्थियों के लिए मूक कोर्स डिजाइन करवा रहा है, जो कि भाषात्मक दृष्टि से यहां के विद्यार्थियों के लिए सरल एवं सहज होंगे। प्रत्येक कोर्स लगभग 6-8 सप्ताह एवं 30-36 मॉड्यूल्स का होगा। सभी विद्यार्थियों के लिए ये कोर्स पूरी तरह से निशुल्क रहेंगे। इसी कड़ी में शनिवार को कॉलज शिक्षा विभाग के आयुक्त संदेश नायक एवं ट्रिपल आईटी कोटा के निदेशक प्रो. उदय आर यारागट्टी के साथ मिलकर विद्यार्थी हित में इन कोर्सेस के लिए एमओयू किया है।

आयुक्त नायक ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण अभी महाविद्यालयों में आकर पढ्ने की व्यवस्था आरम्भ नहीं हुई है ऐसे में विद्यार्थी विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे ई-कन्टैन्ट्स के माध्यम से तो पढ़ ही रहे हैं, लेकिन उनके समय का सदुपयोग तथा उन्हें अतिरिक्त दक्षता अर्जित करने के लिए उपयुक्त कोर्स उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। इससे उन्हें एक साथ डिग्री और कई सर्टिफिकेट मिल सकेंगे।

उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों के साथ-साथ निजी महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिये इस प्रकार की पहली योजना विभाग शुरू करने जा रहा है, इससे सभी महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थी लाभ ले सकेंगे। ये कोर्स इसी सत्र से विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। बीकानेर जिले के प्रभारी एवं डूंगर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिशिर शर्मा ने बताया कि बीकानेर जिले के समस्त राजकीय एवं निजी महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिये कौशल क्षमता विकास के लिए कोर्स अथवा प्रशिक्षण आयोजित करवाना कॉलेज शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि इन कोर्सेस को विद्यार्थियों द्वारा उनकी सुविधा के अनुसार समय में ऑनलाइन लिया जा सकेगा। एमण्ओयू के तहत उपलब्ध करवाए जाने वाले कोर्सेस में प्रारम्भिक चरण में आरम्भिक कम्प्यूटर, एडवांस कम्प्यूटर, मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, एनीमेशन एवं ग्राफिक्स, डाटा एंट्री, स्पोकन इंग्लिश एंड कम्यूनिकेशन स्किल्स जैसे कोर्स चयनित किए गए हैं।

Published on:
18 Oct 2020 08:06 pm
Also Read
View All