बीकानेर

50 विधायक उतरे तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों के समर्थन में, दबाव में सरकार

50 विधायकों की ओर से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले करने के समर्थन वाला पत्र राजस्थान शिक्षक एकीकृत महासंघ ने मंगलवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी को सौंपा गया। कांग्रेस के महासचिव तारिक अनवर को राज्य के 50 कांग्रेसी विधायकों के समर्थन पत्र तथा ज्ञापन मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

1 minute read
Aug 23, 2023
50 विधायक उतरे तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों के समर्थन में, दबाव में सरकार

बीकानेर. राज्य सरकार की ओर से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले नहीं करने से नाराज शिक्षकों ने अब विधायकों के समर्थन पत्र के साथ कांग्रेस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 50 विधायकों की ओर से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले करने के समर्थन वाला पत्र राजस्थान शिक्षक एकीकृत महासंघ ने मंगलवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी को सौंपा। कांग्रेस के महासचिव तारिक अनवर को राज्य के 50 कांग्रेसी विधायकों के समर्थन पत्र तथा ज्ञापन मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

शिक्षकों ने राजस्थान सरकार की ओर से करीब पौने पांच साल के शासन में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले नहीं करने से भारी रोष व्याप्त होने की जानकारी दी है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष हरपाल दादरवाल ने बताया कि राज्य के दो लाख से भी अधिक तृतीय श्रेणी शिक्षक तबादलों का इंतजार कर रहे हैं। सरकार अन्य संवर्गों के तबादले तो कर रही है, किंतु थर्ड ग्रेड शिक्षकों को केवल आश्वासन ही दे रही है।

...तो चुनाव में हो सकता है नुकसान

महासंघ ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया है कि इस बार अगर सरकार ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले नहीं किए, तो इस वर्ग के शिक्षकों की नाराजगी का खमियाजा पार्टी को विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ सकता है। कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने तुरंत सीएमओ में बात की और थर्ड ग्रेड शिक्षकों के शीघ्र तबादले खोलने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार आते ही तृतीय श्रेणी शिक्षकों को तबादले की आस बंधने लगी थी। अब जबकि लगभग सरकार का कार्यकाल पूरा होने में कुछ ही महीनों का समय रह गया है, तबादले न खोलने से इस वर्ग के शिक्षक बेचैन हैं। उन्हें उम्मीद है कि इतने बड़े वर्ग को सरकार नाराज नहीं कर सकती, इसलिए हो सकता है, जाते-जाते तबादले का तोहफा मिल ही जाए।

Published on:
23 Aug 2023 02:34 am
Also Read
View All