नगर पालिका चुनाव : देशनोक नगर पालिका में सबसे अधिक मतदानमतदान केन्द्रों पर लगी कतारें, मतदाताओं में रहा उत्साह
बीकानेर. जिले की तीनों नगर पालिकाओं में गुरुवार को मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण रहा। तीनों नगर पालिकाओं में 76.71 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे अधिक देशनोक नगर पालिका में 81 .03 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं नगर पालिका नोखा में 79.46 प्रतिशत और नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में 72 . 23 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें लगी। बुजुर्ग और महिला मतदाताओं ने भी बढ़ चढ़ कर मतदान किया। पहली बार मतदान कर रहे युवा मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ वोट डाले। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कोविड- 19 के मद्देनजर मास्क लगा होने पर ही मतदाताओं को मतदान केन्द्रों में प्रवेश दिया गया। वहीं प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई।
मतदाताओं में रहा उत्साह
नगर पालिका चुनाव के दौरान तीनों नगर पालिका क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह नजर आया। सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कई बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। 10 बजे तक 22 . 58 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं दोपहर 1 बजे तक 55 . 53 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। शाम 69 . 71 प्रतिशत और मतदान समाप्ति तक कुल 76 . 71 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
दिव्यांग और बीमार मतदाताओं ने डाले वोट
देशनोक नगर पालिका में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थित एक मतदान केन्द्र पर दिव्यांग मतदाता सीतादान ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं इसी मतदान स्थल में १०१ वर्षीय महिला मतदाता भंवरी देवी ने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं एक मतदता अपनी शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद अपने परिवारजनों के साथ मतदान करने पहुंचा। यहां ममता और कविता ने पहली बार मताधिकार का प्रयोग किया और उत्साहित नजर आई।
घूंघट में पहुंची मतदान करने
देशनोक नगर पालिका क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों पर महिला मतदाता मतदान करने के दौरान पारम्परिक रूप से घूंघट में नजर आई। मतदान केन्द्रों के बाहर लाइनों में खड़े रहने के दौरान भी कई महिला मतदाता घूंघट निकाले ही खड़ी रही। वहीं कई महिलाओं ने मतदान केन्द्रों के अन्दर भी घूंघट रखा।