
बीकानेर. फिल्म अभिनेता नसरूद्दीन शाह बीकानेर के लक्ष्मीनिवास पैलेस में ठहरे हुए है। वे मंगलवार को लालगढ़ पैलेस में एक वेबसीरिज के सीन की शूटिंग में भाग लेंगे। इससे पहले सोमवार को उन्होंने एक गेस्ट हाउस में थियेटर से जुड़े कुछ स्थानीय कलाकारों के साथ टॉक शो में भाग लिया। हालांकि इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया। इसके पीछे वजह पिछले दिनों नसरूद्दीन शाह के एक बयान पर राजनीतिक बवाल को माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक नसरूद्दीन शाह पिछले कई दिनों से राजस्थान में एक वेबसीरिज की शूटिंग कर रहे है। जोधपुर, मंडावा सहित कई जगह शास्त्रीय गायन पर केन्द्रित कई सीन शूट किए गए। इसके बाद सोमवार को उनके बीकानेर पहुंचने का खुलासा तब हुआ जब वे एक कार्यक्रम में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह ८ बजे से लालगढ़ पैलेस में वेबसीरिज के शादी के सीन की शूटिंग होगी जो दिनभर चलेगी।
चुनाव के चलते सतर्क नसरूद्दीन शाह
शूटिंग की व्यवस्थाओं से जुड़े लोगों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते राजनीति चरम पर है। पिछले दिनों नसरूद्दीन शाह के एक बयान पर काफी बवाल हो गया था। एेसे में शाह ने शूटिंग के लिए बीकानेर आने, ठहरने से लेकर शूटिंग के दौरान मीडिया को दूर रखने की खास हिदायत दे रखी है।