बीकानेर

सरकार स्कूलों में अन्नपूर्णा दूध योजना से जन जुड़ाव के कर रही प्रयास…

राज्य सरकार ने प्रदेशभर में अन्नपूर्णा दूध योजना शुरू कर स्कूलों को जन जुड़ाव का माध्यम बनाया है। इसके लिए शिक्षा विभाग और प्रशासन को सक्रिय किया गया है
2 min read
Annapurna milk scheme in schools
Annapurna milk scheme in schools

सरकार स्कूलों में अन्नपूर्णा दूध योजना से जन जुड़ाव के कर रही प्रयास...

बीकानेर. राज्य सरकार ने प्रदेशभर में अन्नपूर्णा दूध योजना शुरू कर स्कूलों को जन जुड़ाव का माध्यम बनाया है। इसके लिए शिक्षा विभाग और प्रशासन को सक्रिय किया गया है। शिक्षा विभाग के माध्यम से जन समुदाय को जोडऩे और २ जुलाई को इस योजना को शुरू करने के दौरान हर स्कूल में भव्य आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। इसे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताया गया है।

शिक्षा निदेशक ने सभी मण्डलों के उप निदेशकों को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसमें सरकार की मंशा के अनुरूप भीड़ जुटाने और भव्य समारोह आयोजित करने को पाबंद किया गया है। साथ ही योजना के समुचित पर्यवेक्षण, प्रभावी प्रबोधन एवं प्रगति समीक्षा के लिए सभी स्तर के अधिकारियों को पाबंद किया गया है। शिक्षा अधिकारी अंदरखाने इस योजना को विधानसभा चुनाव की परछाया भी बता रहे हैं।

ये निर्देश भी दिए
उप निदेशकों को तीन दिनों तक क्षेत्र में रहने, भ्रमण करने और रात्रि विश्राम के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधीनस्थ जिला कार्यालयों में बैठकें करके जनसमुदाय की पूरी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। ये आदेश सूचना शासन सचिव, प्रारंभिक तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद आयुक्त, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी और राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को भेजे गए हैं। इस योजना में प्रवेशोत्सव को भी शामिल किया गया है। उप निदेशकों को २३ जून तक अन्नपूर्णा दूध योजना में अधीनस्थ जिलों में जाकर सम्बल देने के निर्देश दिए गए हैं।

उपनिदेशक करेंगे सहयोग
अन्नपूर्णा दूध योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को भव्यता देने, जन समुदाय को जोडऩे के लिए किए जा रहे प्रयासों में उपनिदेशक सहयोग करेंगे तथा उचित निर्देश देंगे। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सतत मॉनिटरिंग करेंगे।
नथमल डिडेल, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), बीकानेर

Published on:
23 Jun 2018 09:16 am