बीकानेर

जिले में इतने लाख विद्यार्थियों को मिलेगा दूध, 2 जुलाई से शुरू होगी योजना

राज्य सरकार की 2 जुलाई से शुरू हो रही अन्नपूर्णा दूध योजना से जिले के लाखों स्कूली विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2018, 8:23 AM IST
Annapurna Milk Scheme
Annapurna Milk Scheme

बीकानेर. राज्य सरकार की 2 जुलाई से शुरू हो रही अन्नपूर्णा दूध योजना से जिले के एक लाख 91 हजार 621 स्कूली विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को दूध उपलब्ध करवाया जाएगा। इसमें जिले के ग्रामीण क्षेत्र के एक लाख 72 हजार 839 तथा शहरी क्षेत्र के 18 हजार 782 विद्यार्थी शामिल हैं। योजना में पहली से 5वीं कक्षा तक के बच्चों को 150 मिली व कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को 200 मिली दूध उपलब्ध करवाया जाएगा।

मुख्य समारोह सुदर्शन स्कूल में
कलक्टर ने योजना की तैयारियां 2 जुलाई से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरस बूथ, दुग्ध सहकारी समितियां, स्वयं सहायता समूहों तथा निजी डेयरियों से लिखित अनुबंध कर गुणवत्ता पूर्ण दूध की व्यवस्था की जाए। कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम 2 जुलाई को महारानी सुदर्शन उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय में सुबह 8:30 बजे होगा। उन्होंने मिड-डे मील योजना के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में रसोई निर्माण की स्वीकृति, पूर्ण और चल रहे कार्यों की सूची 15 जुलाई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर जैसे पाठ्यक्रम शामिल हों

कलक्टर ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के तहत इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर जैसे नए पाठ्यक्रम शामिल करवाने के प्रस्ताव भिजवाए जाएं। साथ ही पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद रोजगार से जुडऩे वाले विद्यार्थियों की भी सूची तैयार करें। बैठक में बताया गया कि जिले में 21 स्कूलों में आइटी, ऑटोमोबाइल, एग्रीकल्चर, हेल्थकेयर जैसे विषयों में व्यावसायिक शिक्षा दी जा रही है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह राजावत, प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी उमाशंकर किराडू, रमसा से हेतराम सारण आदि अधिकारी मौजूद थे।


कार्य शीघ्र पूरे करें
कलक्टर डॉ. गुप्ता की अध्यक्षता में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद की समीक्षा बैठक भी हुई। उन्होंने रमसा के तहत स्कूलों में निर्माण कार्य, आदर्श विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा, विवेकानंद मॉडल स्कूल, शारदे आवासीय विद्यालय सहित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि रमसा के तहत कक्षा-कक्ष, लैब आदि से सम्बंधित स्वीकृत निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किए जाएं। साथ ही चल रहे कार्य समय पर पूरे करवाए जाएं। उन्होंने आदर्श विद्यालय योजना के तहत बी स्तर के स्कूलों पर विशेष ध्यान देने और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।

Published on: