बीकानेर

हथियार सप्लाई करने वाले युवक को गुजरात एटीएस की मदद से दबोचा

-राजू ठेहट हत्याकांड : अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार, दो विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध
2 min read
हथियार सप्लाई करने वाले युवक को गुजरात एटीएस की मदद से दबोचा
हथियार सप्लाई करने वाले युवक को गुजरात एटीएस की मदद से दबोचा

बीकानेर. सीकर में कुख्यात बदमाश राजू ठेहट हत्याकांड में शूटरों को हथियार सप्लाई करने वाले युवक को को दबोचकर सीकर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। बीकानेर निवासी इस आरोपी से गुजरात एटीएस व सीकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अमित कुमार बुड़ानिया ने बताया कि मोनू गैंग के मुख्य सदस्य अमरजीत के मौसी के लड़के विजयपाल को हिरासत में लिया गया है। यह मूलरूप से हरियाणा का है और लम्बे समय से बीकानेर में रह रहा था। आरोपी विजयपाल ने ही धनराज को हथियार व कारतूस उपलब्ध कराए थे। धनराज ने शूटरों को यह हथियार व कारतूस दिए। इसे सीकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

राजू ठेहट हत्याकांड में बीकानेर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़कर हत्याकांड का खुलासा करने और बदमाशों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई हैं। ज्ञात रहे कि 30 नवंबर को सीकर में राजू ठेहट एवं ताराचंद की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस मनीष उर्फ बच्चिया, विक्रम गुर्जर, जतिन वर्मा उर्फ जॉनी पहलवान, सतीश कुमार उर्फ पहलवान, शकील खान, गणेश ओझा, राकेश ओझा, मुकेश उर्फ बुल्लू, सरजीत सिंह, गुलजारी उर्फ जीएल, उमेश गहलोत, नेमीचंद गुर्जर व धनराज माली को गिरफ्तार कर चुकी है।


कयास बदल रहे हकीकत में

राजू ठेहट की हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली। हत्या गोदारा ने अपने गुर्गों से कराई ऐसे कयास लगाए गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कयास अब हकीकत में बदलते जा रहे हैं। मोनू गैंग का सदस्य अमरजीत और विजयपाल का सीधा संपर्क रोहित गोदारा से है। पिछले साल मई-2022 में जेएनवीसी थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बनाते पुलिस ने छह जनों को पकड़ा था। उस दिन इनके साथ रोहित गोदारा भी था, लेकिन भागने में कामयाब हो गया। जयपुर के शिप्रापथ थाने में व्यापारी को धमकाने के मामले में अमरजीत को पकड़ा, तो उसने रोहित गोदारा के कहने पर ऐसा करना बताया। अब राजू ठेहट की हत्या में भी पुलिस गोदारा की संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।
रुपए से लेकर हथियार तक बीकानेर से गए
पुलिस की जांच-पड़ताल में सामने आया है कि राजू ठेहट की हत्या करने के लिए शूटरों को रुपयों से लेकर हथियार व कारतूस तक बीकानेर से मुहैया कराए गए। अब तक बीकानेर से छह युवक पकड़े गए हैं। वे सभी रोहित गोदारा एवं उसकी गैंग के सदस्य है।

Published on:
02 Jan 2023 09:26 am