13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बीकानेर जिला परिषद में महिला होगी प्रमुख, महापौर की सीट सभी के लिए खुली, नगर पालिकाओं की भी तस्वीर साफ

बीकानेर जिला परिषद में इस बार महिला जिला प्रमुख बनेगी। वहीं नगर निगम महापौर का पद सामान्य यानी ओपन कैटेगरी में रखा गया है। ऐसे में किसी भी वर्ग के पुरुष या महिला प्रत्याशी को महापौर बनने का मौका मिलेगा। जिले की नगर पालिकाओं में भी आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई है। वार्ड आरक्षण की लॉटरी अब 17 अगस्त को होगी।
3 min read
Google source verification
Bikaner Reservation Lottery

Bikaner Reservation Lottery: बीकानेर जिला परिषद (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

बीकानेर। नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों को लेकर रणभेरी बज चुकी है। इन चुनावों के लिए गुरुवार को प्रदेश स्तर पर जिला परिषदों में जिला प्रमुख पद और नगर निगम में महापौर, नगर परिषद में सभापति व नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पदों के लिए श्रेणी अनुसार आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली गई। इस लॉटरी में बीकानेर जिला प्रमुख पद इस बार अनारक्षित महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। इसके लिए किसी भी वर्ग की महिला को जिला प्रमुख बनने का अवसर मिल सकेगा। वहीं बीकानेर नगर निगम में महापौर का पद ओपन कैटेगरी में रखा गया है। महापौर पद सभी श्रेणी के लिए खुला है। किसी भी वर्ग का प्रत्याशी महापौर चुना जा सकेगा।

बीकानेर नगर निगम में महापौर पद के लिए इस बार किसी भी श्रेणी के आवेदक अपना भाग्य आजमा सकेंगे। लॉटरी में इस बार यह पद सामान्य रहा है। विगत निगम चुनाव में महापौर पद पर सामान्य महिला वर्ग से सुशीला कंवर राजपुरोहित ने महापौर पद का दायित्व निभाया। इस बार किसी भी श्रेणी के पुरुष अथवा महिला उम्मीदवार को महापौर बनने का अवसर मिल सकेगा। नगर निगम क्षेत्र में कुल 80 वार्ड है।

जिला परिषद : महिला बनेगी जिला प्रमुख

बीकानेर जिला परिषद में इस बार महिला जिला प्रमुख पद पर आसीन होगी। विगत चुनाव में यह अनुसूचित जाति पुरुष वर्ग के लिए आरक्षित था। जिला प्रमुख पद पर पूर्व में भी महिला जिला प्रमुख का दायित्व निभा चुकी है। विगत चुनाव में एससी वर्ग से मोडाराम मेघवाल जिला प्रमुख चुने गए। लॉटरी में बीकानेर जिला प्रमुख का पद अनारक्षित महिला रहा है। किसी भी श्रेणी की महिला जिला प्रमुख पद के लिए अपना भाग्य आजमा सकेगी। जिला परिषद में इस बार वार्डों की संख्या 29 से बढ़कर 41 हो गई है।

नगर पालिकाओं में तीन में ओबीसी

जिले की नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर भी गुरुवार को प्रदेश स्तर पर लॉटरी निकाली गई। इस लॉटरी में नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़, नगर पालिका देशनोक में सामान्य श्रेणी के रहे। वहीं नगर पालिका नोखा, नगर पालिका खाजूवाला और नगर पालिका लूणकरणसर ओबीसी वर्ग के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित हुआ है। नापासर नगर पालिका में अनुसूचित जाति वर्ग से महिला अध्यक्ष चुनी जाएगी।

यह वीडियो भी देखें :

लॉटरी से कहीं खिले चेहरे तो कहीं मायूसी

जिला परिषद, नगर निगम सहित नगर पालिकाओं में प्रमुख, महापौर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए निकाली गई लॉटरी से कहीं चेहरों पर खुशी है तो कहीं मायूसी भी। राजनीतिक पार्टियों से जुड़े नेता व कार्यकर्ता पिछले काफी समय से लॉटरी का इंतजार कर रहे थे। गुरुवार को जैसे ही लॉटरी की स्थिति सामने आई अनेक दावेदारों के अरमान धरे रह गए व कहीं प्रसन्नता छा गई।

लॉटरी के साथ जोड़-घटाव की चर्चाएं शुरू

प्रमुख, महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए लॉटरी निकलने के साथ ही राजनीतिक गलियारों में जोड़-घटाव की गणित तथा लाभ-हानि की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों ने चुनावी मानस बनाने के साथ पार्टी के नेताओं से संपर्क बनाने और अपने समर्थकों से चर्चाएं प्रारंभ कर दी हैं। शहर में गली-मोहल्लों से चौक-चौराहों, पाटो, चाय-पान की दुकानों, कचहरी परिसर सहित सरकारी कार्यालयों आदि में दिनभर लॉटरी चर्चा में प्रमुख विषय रहा।

वार्ड आरक्षण के लिए लॉटरी 17 को

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नगर निगम महापौर, नगर परिषद सभापति और नगर पालिका अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए गुरुवार को लॉटरी निकालने के बाद अब वार्डों के आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। यह लॉटरी जिला स्तर पर 17 अगस्त को निकाली जाएगी। इस संबंध में स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव जुईकर प्रतीक चन्द्रशेखर ने प्रदेश के सभी जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजे हैं। पत्र अनुसार वार्डों के आरक्षण के लिए स्थान, समय निर्धारित करने व लॉटरी निकालने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को अधिकृत किया गया है।