
Bikaner: बाल्टी में रखे रुपए (फोटो-पत्रिका)
बीकानेर। पांचू थाना पुलिस ने एटीएम कैश वैन से लूटे गए 51 लाख रुपए में से 46 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। यह रुपए गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गांव दावा की रोही से बरामद किए गए हैं। इन पैसों को बाल्टी में भरकर कंटीली झाड़ियों के बीच रखा गया था। वारदात के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय ने सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब शेष रकम और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड की कैश वैन नोखा से सारुण्डा की ओर जा रही थी। नोखा से करीब 5-7 किलोमीटर आगे बिना नंबर की कैंपर गाड़ी पीछे से आई। कैंपर में सवार 2-3 बदमाशों ने कैश वैन को रुकवा लिया। बदमाशों ने चालक के सिर पर बंदूक तान दी और वैन में मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। हथियारों के बल पर बदमाश कैश वैन में रखा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। बॉक्स में करीब 51 लाख रुपए थे।
पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय पुलिस से बचने के लिए दावा गांव रोही स्थित एक खेत की कंटीली बाड़ में बाल्टी में डालकर रुपए छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बाल्टी से 46 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी श्यामसुंदर जाट तथा विक्रमसिंह राजपूत को न्यायालय में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान बचे हुए पांच लाख रुपए की बरामदगी व फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड, बीकानेर में कस्टोडियन के पद पर कार्यरत विक्रमसिंह राजपूत निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी, नोखा ने अपने साथी श्यामसुंदर पुत्र जाट निवासी स्वरूपसर, पांचू तथा दो अन्य लोगों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। सारुंडा रोड पर आरोपियों ने तय योजना के अनुसार कैश वैन में लूट की वारदात को अंजाम दिया।
Updated on:
11 Aug 2026 08:21 pm
Published on:
11 Aug 2026 08:17 pm
